Page Loader
कैलिफोर्निया के जंगलों में आग: मृतकों की संख्या बढ़कर 16 पहुंची, 12,000 इमारतें खाक
कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी आग से अब तक हुई 16 लोगों की मौत

कैलिफोर्निया के जंगलों में आग: मृतकों की संख्या बढ़कर 16 पहुंची, 12,000 इमारतें खाक

Jan 12, 2025
09:13 am

क्या है खबर?

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के लॉस एंजिल्स के 6 जंगलों में लगी आग पर अभी काबू नहीं पाया जा सका है। इस आग त्रासदी में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से अधिकतर की पहचान तक नहीं हो पाई है। इसके अलावा, आग से 12,000 से अधिक इमारतें, सैकड़ों वाहन और संपत्तियां भी नष्ट हो चुकी हैं। राष्ट्रपति जो बाइडन लगातार अधिकारियों से बात कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आइए पूरी अपडेट जानते हैं।

हालात

50,000 एकड़ में फैली आग

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले 5 दिन से लगी आग 50,000 एकड़ में फैली चुकी है, जिसमें से 39,000 एकड़ का इलाका पूरी तरह राख हो गया है। 12,000 से अधिक घर तबाह हो गए हैं। CAL फायर अधिकारी टॉड हॉपकिंस के अनुसार, अकेले पैलिसेड्स आग ने 22,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र को जला दिया है। इसमें 426 घरों सहित 5,000 से अधिक संरचनाओं को नष्ट कर दिया। हॉलीवुड हिल्स में करोड़ों के कई घर जलकर खाक गए हैं।

खतरा

आग के और खतरनाक होने का बढ़ा खतरा

अग्निशमन प्रमुख एंथनी मार्रोन ने बताया कि सांता एना में तेज हवाओं के कारण आग और बढ़ गई हैं। हवाओं की रफ्तार 100 मील प्रति घंटे है। इनके और तेज होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आग मैन्डेविल कैन्यन इलाके तक पहुंच गई है और सैन फर्नांडो घाटी और ब्रेंटवुड को भी खतरा है। बता दें कि ब्रेंटवुड क्षेत्र अर्नोल्ड श्वार्जनेगर जैसी मशहूर हस्तियों वाला आलीशान इलाका है। लपटें 405 फ्रीवे की ओर भी बढ़ रही हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें आग का बवंडर

आदेश

3.19 लाख लोगों को घर छोड़ने का आदेश

कैलिफोर्निया गर्वनर गैविन न्यूसम ने बताया कि आग के खतरे को देखते हुए 3.19 लाख लोगों को घर छोड़ने का आदेश दिया है। इसमें 1.53 लाख को अनिवार्य और 1.66 लाख को आंशिक रूप से घर खाली करने को कहा है। उन्होंने बताया कि अभी भी आग के कारण 57,000 से अधिक इमारतें तत्काल खतरे में हैं। इसी तरह आग के कारण निकलने वाले जहरीले धुंए से बचने के लिए लोगों को घरों में रहने को कहा गया है।

नुकसान

आग से कितना हुआ नुकसान? 

सरकार की ओर से अभी तक नुकसान के आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं, लेकिन निजी फर्माें का अनुमान है कि आग से 170 अरब डॉलर (लगभग 16 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान होने की संभावना है। नुकसान का बड़ा कारण करोड़ों के मकानों का आग की चपेट में आना है। घरों के जलने के कारण अब सैकड़ों लोगों को राहत शिविरों में जगह न मिलने के कारण सड़कों पर रात गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

जानकारी

50,000 घरों में अभी भी बिजली नहीं, स्कूल बंद

आग से राज्य के 50,000 घरों और व्यवसायाें में अभी भी बिजली नहीं है। ऐसे में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह राज्य में तीसरे दिन भी स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

मदद

राज्य सरकारें मदद के लिए जुटा रही संसाधन

राष्ट्रपति बाइडन ने राहत कार्यों की स्थिति पर राज्य और स्थानीय अधिकारियों से बात की और प्रयासों का जायजा लिया। गवर्नर न्यूसम ने बताया कि आग बुझाने में अग्निशमन विभाग के 14,000 से अधिक कर्मचारी, कॉल गार्ड के 1,680 सदस्य, 1,668 दमकल और 71 हेलीकॉप्टर लगे हुए हैं। कैलिफोर्निया अग्निशमन प्रमुख ने बताया कि ओरेगन, वाशिंगटन, नेवादा, एरिजोना, टेक्सास और मोंटाना सहित राज्यों ने मदद के लिए अपने संसाधनों का योगदान दिया है।