प्रधानमंत्री मोदी को मिल सकता है तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह का न्योता- रिपोर्ट
क्या है खबर?
बांग्लादेश के आम चुनाव में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को जीत मिली है। इसी के साथ तारिक का अगला प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। खबर है कि BNP तारिक के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित कर सकती हैं। इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है। अगर ऐसा होता है, तो दोनों देशों के संबंधों में तनाव के बीच ये बड़ा कदम होगा।
बयान
BNP बोली- भारत से जुड़ने के लिए तत्पर
BNP ने चुनावों में जीत के बाद पार्टी अध्यक्ष तारिक को बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। पार्टी ने कहा, 'हम आपसी सम्मान, एक-दूसरे की चिंताओं के प्रति संवेदनशीलता और क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए साझा प्रतिबद्धता द्वारा निर्देशित बहुआयामी संबंधों को बढ़ाने के लिए भारत के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ने के लिए तत्पर हैं। बांग्लादेश अपने नागरिकों के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों, समावेशिता और प्रगतिशील विकास को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।'
समारोह
सभी क्षेत्रीय राष्ट्र प्रमुखों को आमंत्रित कर सकती है BNP
सूत्रों के अनुसार, BNP नेतृत्व शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी प्रमुख क्षेत्रीय राष्ट्राध्यक्षों को आमंत्रित करने पर विचार कर रहा है, ताकि कार्यक्रम को राजनयिक संपर्क के मंच के रूप में स्थापित किया जा सके। शपथ ग्रहण समारोह की तारीख को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि 16 फरवरी को ढाका में ये समारोह आयोजित किया जा सकता है।
बधाई
प्रधानमंत्री ने तारिक को दी थी जीत की बधाई
इससे पहले चुनाव में जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा था, 'यह जीत बांग्लादेश के लोगों का तारिक के नेतृत्व पर भरोसा दिखाती है। भारत एक लोकतांत्रिक, प्रोग्रेसिव और सबको साथ लेकर चलने वाले बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा। मैं हमारे रिश्तों को मजबूत करने और हमारे साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ काम करने का इंतजार कर रहा हूं।'
नतीजे
बांग्लादेश में 20 साल बाद BNP की जीत
बांग्लादेश की 300 संसदीय सीटों पर हुए चुनाव में BNP गठबंधन ने 212 सीटें हासिल कर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 77 सीटें मिली हैं। इसी के साथ बांग्लादेश में 20 साल बाद BNP की सरकार बनने जा रही है और 35 साल बाद तारिक के तौर पर कोई पुरुष देश का प्रधानमंत्री बनेगा। तारिक ने 2 सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत हासिल की है।