प्रधानमंत्री मोदी ने BNP की जीत पर तारिक को बधाई दी, कहा- समर्थन में रहेगा भारत
क्या है खबर?
बांग्लादेश के राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह जीत बांग्लादेश के लोगों का BNP के नेतृत्व पर भरोसा दिखाती है। उन्होंने लोकतांत्रिक देश बांग्लादेश के समर्थन में चलने की बात कही है। मोदी ने लिखा कि वह रिश्तों को मजबूत करने के लिए तारिक के साथ काम करने का इंतजार कर रहे हैं।
बधाई
मोदी ने लिखा- रिश्ते को मजबूत करने का इंतजार
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, 'मैं बांग्लादेश में संसदीय चुनावों में BNP को बड़ी जीत दिलाने के लिए तारिक रहमान को दिल से बधाई देता हूं। यह जीत बांग्लादेश के लोगों का आपके नेतृत्व पर भरोसा दिखाती है। भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और सबको साथ लेकर चलने वाले बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा। मैं हमारे कई रिश्तों को मज़बूत करने और हमारे साझा विकास लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ काम करने का इंतजार कर रहा हूं।'
चुनाव
BNP ने बहुमत का आंकड़ा पार किया
बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में तारिक रहमान की BNP ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। तारिक ने खुद अपनी दोनों सीटों से जीत दर्ज की है। बांग्लादेश में 299 सीटों पर चुनाव हुआ था, जिसमें से BNP ने 166 से अधिक सीटें जीत ली हैं और कई पर आगे चल रही है। कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लाम ने अभी तक 56 सीटों पर जीत हासिल की है। आंदोलनकारी छात्रों की नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी (NCP) समेत कई पार्टियां बुरी तरह हारीं।