एंथ्रोपिक का क्लाउड ऐप 41वें नंबर से शीर्ष-10 में पहुंचा, जानिए क्या रही वजह
क्या है खबर?
एंथ्रोपिक के सुपर बाउल विज्ञापन के बाद उसका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट क्लाउड अमेरिकी ऐप स्टोर पर 41वें नंबर से ऊपर चढ़कर शीर्ष-10 ऐप्स में शामिल हो गया। शुक्रवार तक क्लाउड 7वें नंबर पर पहुंच गया, जो अब तक की इसकी सबसे ऊंची रैंकिंग है। यह वृद्धि उसकी ओर से सुपर बाउल के लिए बनाए गए विज्ञापन के बाद हुई है, जिसमें OpenAI के ChatGPT में विज्ञापन दिखाने को लेकर कटाक्ष किया गया, जो यूजर्स को पसंद आया है।
आंकड़े
कैसे रहे हैं डाउनलोड के आंकड़े?
मार्केट इंटेलिजेंस प्रदाता ऐपफिगर्स के अनुसार, रविवार से मंगलवार तक iOS और एंड्रॉयड दोनों प्लेटफॉर्म पर क्लाउड के अमेरिकी डाउनलोड की कुल संख्या लगभग 1.48 लाख रही। यह पिछले 3 दिनों गुरुवार से शनिवार की तुलना में 32 फीसदी की वृद्धि है, जहां डाउनलोड की कुल संख्या लगभग 1.12 लाख थी। रविवार से मंगलवार तक क्लाउड के डाउनलोड की दैनिक औसत संख्या 49,200 थी, जो कि इस अवधि तक के सामान्य औसत 37,400 प्रति दिन से 32 फीसदी अधिक है।
मजाक
एंथ्रोपिक ने ऐसे उठाया था मजाक
आंकड़ों के अनुसार, एंथ्रोपिक के सुपर बाउल विज्ञापनों और हाल ही में जारी किए गए उसके नए ओपस 4.6 मॉडल ने क्लाउड के ऐप और ChatGPT से इसकी प्रमुख विशिष्टता की ओर ध्यान आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाई। कंपनी की ओर से सुपर बाउल के लिए बनाए विज्ञापन में ChatGPT पर विज्ञापन दिखाने का मजाक उड़ाया गया था। इसमें लिखा था, "विज्ञापन AI में आ रहे हैं, लेकिन क्लाउड में नहीं।" इसके जरिए OpenAI पर कटाक्ष किया गया है।