इजरायल-फिलिस्तीन पर फिर भिड़े नेतन्याहू-ओबामा, नैतिक श्रेष्ठता पर तीखी बहस
इजरायल में 27 अक्टूबर को होने वाले चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। ओबामा ने फिलिस्तीनियों के साथ इजरायल के बर्ताव की आलोचना की थी और कहा था कि इस वजह से इजरायल ने अपनी नैतिक श्रेष्ठता खो दी है। इसके जवाब में नेतन्याहू ने एक वीडियो जारी किया और ओबामा की इन टिप्पणियों को अफसोसजनक बताया।
ओबामा ने फिलिस्तीनियों के विस्थापन का किया जिक्र
यह उनका पहला मतभेद नहीं है। ओबामा के राष्ट्रपति कार्यकाल के समय से ही नेतन्याहू और ओबामा के बीच टकराव रहा है, खासकर ईरान के मुद्दे पर। अपने हाल के भाषण में ओबामा ने होलोकॉस्ट के बाद इजरायल की उत्पत्ति को स्वीकार किया। हालांकि, उन्होंने फिलिस्तीनियों के विस्थापन का भी जिक्र किया और कहा कि मजबूत होने का मतलब यह नहीं कि कठिन समझौतों से बचा जा सकता है। उन्होंने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमास के हमले की भी निंदा की।