बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार रहे मुहम्मद यूनुस के अमेरिका पहुंचने पर भड़के बांग्लादेशी प्रवासी, आतंकवादी कहा
बांग्लादेश में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस को अमेरिका में प्रवासी बांग्लादेशियों के विरोध का सामना करना पड़ा। उनको न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 'आतंकवादी' कहा गया।
नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस को हवाई अड्डे पर व्हीलचेयर पर टर्मिनल से ले जाया जा रहा था, तभी कुछ लोग चिल्लाते हुए सुनाई दिए, "तुम एक आतंकवादी हो। तुमने बांग्लादेश में लोगों को मारा है। तुम यहां क्यों आए हो? हमें बताओ, तुम क्यों आए हो?"
बता दें कि मुख्य सलाहकार पद से हटने के बाद यह यूनुस की पहली विदेश यात्रा है। उनके ग्रामीन ग्रुप से जुड़े कामों को लेकर काफी आलोचना हो रही थी और भ्रष्टाचार की जांच की मांग भी की जा रही थी।
यूनुस की अंतरिम सरकार से प्रवासी अभी भी नाराज
बांग्लादेश में 2024 में राजनीतिक अशांति के दौरान यूनुस ने अंतरिम सरकार का नेतृत्व किया था, जिसे लेकर विदेशों में रहने वाले कुछ बांग्लादेशी अब भी नाराज हैं।
उनकी सरकार को राजनीतिक हिंसा, आवामी लीग के सदस्यों और उनसे जुड़े लोगों को निशाना बनाने और मनमानी गिरफ्तारियों जैसी मानवाधिकार चिंताओं के लिए कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी थी।
मार्च 2025 में चीन में भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को लेकर दिए गए उनके बयान के बाद भी तनाव बढ़ गया था, जिससे प्रवासियों के मन में काफी गुस्सा भरा हुआ है।