दिल्ली में ही खेला जाएगा भारत बनाम श्रीलंका वनडे मुकाबला, BCCI ने की पुष्टि
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच खेली जाने वाले वनडे सीरीज का पहला मुकाबला पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने इसी पुष्टि कर दी है। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थी कि 13 दिसंबर को होने वाला यह मुकाबला स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य के कारण अहमदाबाद में स्थानांतरित किया जा सकता है।
बयान
सैकिया ने क्या दिया बयान?
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, सैकिया ने स्पष्ट किया कि मैच को स्थानांतरित करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि द्विपक्षीय मैचों के लिए स्थान BCCI की मानक नीति के अनुसार आवंटित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा, "दिल्ली में होने वाला भारत-श्रीलंका वनडे मैच अहमदाबाद में स्थानांतरित किए जाने की खबरें सही नहीं हैं। BCCI द्वारा ऐसा कोई भी निर्णय नहीं लिया गया है।"
मुकाबला
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा सीरीज का तीसरा वनडे
श्रीलंका टीम का भारत दौरा दिसंबर से शुरू होगा, जिसमें 3 वनडे और 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
वनडे सीरीज की शुरुआत दिल्ली में होगी और उसके बाद दूसरा और तीसरा मैच क्रमशः बेंगलुरु और अहमदाबाद में खेला जाएगा।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में 19 दिसंबर को तीसरा और अंतिम वनडे मैच खेला जाएगा। ऐसे में अब सैकिया के इस बयान के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है।
जानकारी
भारत-श्रीलंका टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का कार्यक्रम
वनडे सीरीज के बाद भारत और श्रीलंका के बीच राजकोट, कटक और पुणे में 3 टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। ये मैच 22 दिसंबर को राजकोट, 24 दिसंबर को कटक और 27 दिसंबर को पुणे में खेले जाएंगे।