बांग्लादेश में चुनाव जीतने वाली तारिक रहमान की BNP भारत से मांगेगी शेख हसीना का प्रत्यर्पण
क्या है खबर?
बांग्लादेश के राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में रिकॉर्ड सीटों से जीतने वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) भारत से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सौंपने की मांग करेगी। यह बात BNP की स्थायी समिति के सदस्य सलाहुद्दीन अहमद ने शुक्रवार को ढाका में पार्टी मुख्यालय के सामने पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी औपचारिक रूप से भारत से आग्रह करेगी कि वह अपदस्थ प्रधानमंत्री हसीना को मुकदमे के लिए बांग्लादेश को सौंप दे।
मांग
कानून के अनुसार दबाव डालेंगे- सलाहुद्दीन
डेली स्टार के मुताबिक, सलाहुद्दीन ने पत्रकारों से कहा, "हम कानून के अनुसार हसीना के प्रत्यर्पण के लिए दबाव डालेंगे। यह बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय और भारत के विदेश मंत्रालय का मामला है। हम भारत सरकार से आग्रह करेंगे कि उसे मुकदमे का सामना करने के लिए वापस भेजा जाए।" साथ ही उन्होंने पार्टी के 31 सूत्रीय एजेंडे पर कहा कि लोकतांत्रिक यात्रा जारी रहेगी। सभी राज्य संरचनाओं में लोकतांत्रिक सुधार होंगे और आवश्यक संवैधानिक सुधार किए जाएंगे।
हसीना
ICT ने सुनाई है हसीना को मौत की सजा
बांग्लादेश में जुलाई 2024 में छात्रों के हिंसक आंदोलन के बाद हसीना को सरकार से इस्तीफा देना पड़ा और अपनी बहन के साथ भारत आ गईं। हसीना तभी से दिल्ली में हैं। पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) ने हसीना और पूर्व गृह मंत्री को हिंसा के लिए मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी मानते हुए मौत की सजा सुनाई थी। अंतरिम सरकार कई बार हसीना के प्रत्यर्पण के लिए भारत को पत्र लिख चुकी है।