बांग्लादेश ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण के लिए भारत को अनुरोध भेजा, मंत्री बोले- वे अपराधी
क्या है खबर?
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच फिर विवाद बढ़ सकता है। बांग्लादेश के कानून मंत्री मोहम्मद असदुज्जमां ने कहा कि हसीना के प्रत्यर्पण के लिए भारत को अनुरोध भेजा गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, असदुज्जमां ने कहा कि सरकार उन्हें भारत से वापस लाने के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठा रही है और इस पूरी प्रक्रिया में कानून का पालन किया जाएगा।
बयान
असदुज्जमां बोले- हमारे लिए हसीना दोषी अपराधी
असदुज्जमां ने कहा, "मेरे लिए वह एक अपराधी हैं। हमारे न्यायाधिकरण ने उन्हें दोषी ठहराया है। हमारे लिए उनकी यही पहचान है। सरकार भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि कानून के मुताबिक कार्रवाई करेगी। हालांकि, कानून मंत्रालय मामले में सीधे तौर पर शामिल नहीं है, लेकिन गृह मंत्रालय इससे जुड़ा है, क्योंकि यह प्रत्यर्पण संधि से संबंधित है। हमने संधि और उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी वापसी का अनुरोध किया है। यहां भावनाओं के लिए कोई जगह नहीं है।"
प्रत्यर्पण
अगस्त, 2024 से भारत में हैं हसीना
भारत पहले पुष्टि कर चुका है कि उसे हसीना के प्रत्यर्पण के लिए बांग्लादेश से अनुरोध मिले हैं। हालांकि, सरकार ने अभी तक कोई फैसला सार्वजनिक नहीं किया है।
बता दें कि हसीना ने अगस्त, 2024 में बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन के बाद देश छोड़कर भारत आ गई थीं। तबसे वे यहीं रह रही हैं।
नवंबर, 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराया था।