LOADING...
बांग्लादेश में चुनाव की पूर्व संध्या पर हिंदू मजदूर को मारकर फेंका गया
बांग्लादेश में चुनाव से पहले पूरे देश में 10 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात है (फाइल तस्वीर)

बांग्लादेश में चुनाव की पूर्व संध्या पर हिंदू मजदूर को मारकर फेंका गया

लेखन गजेंद्र
Feb 12, 2026
09:23 am

क्या है खबर?

बांग्लादेश में राष्ट्रीय चुनाव की पूर्व संध्या पर बुधवार को एक हिंदू मजदूर की हत्या कर दी गई और उसके हाथ-पैर बांधकर सड़क पर फेंक दिया। घटना मौलवीबाजार जिले में मतदान से एक दिन पहले हुई है। मृतक युवक 28 वर्षीय रतन साहूकार है, जो चंपा क्षेत्र के चाय बागानों में काम करता था। उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे। घटना ने मतदान से पहले अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी है।

हत्या

रतन के सहकर्मियों ने हत्या का आरोप लगाया

रतन के सहकर्मियों ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने शरीर पर चोट के निशान और घटना की प्रकृति पर सवाल उठाते हुए साजिश की शंका जाहिर की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वह पता लगा रही है कि घटना चुनाव से संबंधित है या फिर कोई अन्य कारण है। बता दें कि यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब पूरे बांग्लादेश में चुनाव को लेकर 10 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।

जांच

एक दिन पहले हिंदू कारोबारी की हुई थी हत्या

इससे एक दिन पहले मयमनसिंह जिले में अपराधियों ने एक हिंदू चावल कारोबारी की दुकान में घुसकर हत्या कर दी और पैसे लूटकर ले गए थे। सोमवार रात को 11 बजे त्रिशाल पुलिस थाना क्षेत्र के उपजिला के बोगर बाजार चौराहे पर सुसान चंद्र सरकार (62) की गला काटकर हत्या की गई थी। सरकार 'एमएस भाई भाई एंटरप्राइजेज' के मालिक थे। वे उपजिला के साउथकंडा गांव के रहने वाले थे और चावल के व्यापारी थे।

Advertisement