बांग्लादेश: मयमनसिंह में हिंदू कारोबारी की दुकान के अंदर गला काटकर हत्या, चुनाव से पहले वारदात
क्या है खबर?
बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से पहले एक और हिंदू नागरिक को निशाना बनाया गया है। यहां के मयमनसिंह जिले में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अपराधियों ने चावल कारोबारी की दुकान में घुसकर हत्या कर दी और पैसे लूटकर ले गए। घटना सोमवार रात को 11 बजे त्रिशाल पुलिस थाना क्षेत्र के उपजिला के बोगर बाजार चौराहे पर हुई है। मृतक कारोबारी की पहचान सुसान चंद्र सरकार (62) के रूप में हुई है।
घटना
कारोबारी की हत्या कर दुकान का शटर गिराया
बीडी न्यूज24 के मुताबिक, थाना प्रभारी मोहम्मद फिरोज हुसैन ने बताया कि सरकार बोगर बाजार चौराहे पर स्थित 'एमएस भाई भाई एंटरप्राइजेज' के मालिक थे। वे उपजिला के साउथकंडा गांव के रहने वाले थे और चावल के व्यापारी थे। हुसैन ने बताया कि सोमवार रात को दुकान बंद करते समय कुछ अपराधी उनकी दुकान में घुस गए और धारदार हथियार से उनका गला काट दिया। अपराधी सारा पैसा लूटकर शव को दुकान में बंद कर दिया और शटर गिरा दिया।
जांच
मृतक के बेटे ने किसी से दुश्मनी होने से इंकार किया
मृतक के बेटे सुजान सरकार ने मीडिया से बताया कि उनका चावल का कारोबार बहुत पुराना है और किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने किसी प्रकार की धमकी मिलने से भी इनकार किया है। उन्होंने बतााय कि बदमाशों ने उनके पिता की बेरहमी से हत्या करने के बाद दुकान से कई लाख रुपये लूट लिए हैं। बता दें कि बांग्लादेश में चुनाव से पहले हत्या को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।