BLF ने 'ऑपरेशन अलमास' में पाकिस्तानी सैन्य खुफिया कैप्टन को मारने का दावा किया
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर कई हमले करने का दावा किया है।
उसका दावा है कि इन हमलों में एक सैन्य खुफिया कैप्टन और सेना के कुछ खास सदस्य मारे गए हैं। ये हमले उनके चल रहे 'ऑपरेशन अलमास' का हिस्सा हैं।
BLF का कहना है कि इस अभियान के कारण पाकिस्तानी सैनिक बलूचिस्तान के कई इलाकों से पीछे हटने को मजबूर हो रहे हैं। हालांकि, इसको लेकर अभी तक कोई पुष्टि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से नहीं की गई है।
लड़ाकों ने ग्वादर और मुझानी पर किया कब्जा
BLF के मुताबिक, उनके लड़ाकों ने ग्वादर जीरो पॉइंट कैंप और मुझानी पुलिस स्टेशन जैसी अहम जगहों पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने अपनी पकड़ मजबूत दिखाने के लिए इन जगहों पर अपने झंडे भी फहराए हैं।
इसके अलावा, उन्होंने एक काफिले और गुब्द क्रॉस पर बने पुलिस चेकपॉइंट पर भी हमला किया है।
बता दें कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में BLF लगातार पाकिस्तान सरकार को चुनौती दे रहा है। इससे पहले उसने रेल का अपहरण किया था और बस से जा रहे कुछ खिलाड़ियों को भी अपने कब्जे में लिया था।