पाकिस्तान के लाहौर में अजरबैजान की महिला का गैंगरेप, नशीला पदार्थ दिया गया
अजरबैजान से कारोबार के सिलसिले में पाकिस्तान के लाहौर आई एक 20 साल की महिला ने आरोप लगाया है कि नशीला पदार्थ देकर उस पर हमला किया गया और उसका गैंगरेप हुआ है।
महिला का कहना है कि 2 महिलाएं उसे 25 सितंबर को लाहौर के एक कैफे में ले गई थीं। कैफे में मिलने के बाद, 3 पुरुषों ने उन्हें अपनी गाड़ी से छोड़ने की पेशकश की।
आरोप है कि वे महिला को एक अपार्टमेंट में ले गए और वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज किया, 2 महिलाओं की जांच शुरू की
घटना सामने आने के बाद लाहौर पुलिस ने पाकिस्तानी दंड संहिता के तहत 3 संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उनके नाम स्टॉप लिस्ट में डाल दिए हैं ताकि वे देश से भाग न सकें।
पुलिस ने इस मामले में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी बरामद कर ली है। इसके साथ ही, पुलिस उन 2 महिलाओं की भूमिका की भी जांच कर रही है जो घटना से पहले महिला के साथ थीं।
पुलिस का कहना है कि विदेशी महिला का मेडिकल चेकअप कराया गया है। उसके बयान दर्ज किए गए हैं।