ऑस्ट्रेलिया में प्रतिबंध के बावजूद फेसबुक-टिकटॉक पर दिख रहे बच्चे, जुर्माने की रकम 10 करोड़ डॉलर की गई
ऑस्ट्रेलिया ने फेसबुक और टिकटॉक समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रतिबंधित कर दिया है, जिसके बाद भी उस पर बच्चों की उपस्थिति बनी हुई है।
ऐसे में सरकार ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एक सरकारी जांच के बाद की गई है, जिसमें सामने आया था कि ये कंपनियां कम उम्र के उपयोगकर्ताओं को अपने प्लेटफार्म से दूर रखने के लिए पर्याप्त उपाय नहीं कर रही थीं।
संचार मंत्री अनिका वेल्स ने नेशनल प्रेस क्लब में 15 अक्टूबर को दिए अपने भाषण में साफ शब्दों में कहा, "कानून नाकाम नहीं हो रहा, बल्कि प्लेटफार्म कानून का पालन करने में नाकाम हो रहे हैं।"
ऑस्ट्रेलिया ने जुर्माना बढ़ाकर 10.92 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर किया
इसी साल मार्च में, ऑस्ट्रेलिया के ई-सेफ्टी कमिश्नर ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, स्नैपचैट और यूट्यूब जैसे बड़े सोशल ऐप की जांच शुरू की थी।
जुलाई आते-आते यह साफ हो गया कि ज्यादातर ऐप्स के पास उम्र की जांच के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं थे, जिससे नाबालिग उपयोगकर्ता आसानी से इसका उपयोग कर पा रहे थे।
अब, ऑस्ट्रेलिया ने कंपनियों पर अधिकतम जुर्माने की रकम बढ़ाकर 10.92 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर कर दी है। साथ ही, कमिश्नर को इन कंपनियों की आगे जांच करने के लिए और ज्यादा अधिकार भी दिए गए हैं।