ईरान युद्ध: असीम मुनीर ने मोजतबा खामेनेई से सीधी बातचीत की मांग की- रिपोर्ट
क्या है खबर?
ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम को लेकर पाकिस्तान के मध्यस्थता के प्रयास तेज हो गए हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान अब शांति वार्ता के हिस्से के रूप में पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर और ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के बीच आमने-सामने की बैठक के लिए दबाव डाल रहा है। ये खबर ऐसे वक्त सामने आई है, जब पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी तेहरान में हैं।
रिपोर्ट
किसी भी समय ईरान जा सकते हैं असीम- रिपोर्ट
न्यूज18 ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि पाकिस्तान ने प्रस्तावित समझौते की रूपरेखा और दीर्घकालिक क्षेत्रीय स्थिरता तंत्रों पर चर्चा करने के लिए असीम और मोजतबा के बीच आमने-सामने की बैठक का अनुरोध किया है। पाकिस्तान को अब ईरान से इस प्रस्ताव पर जवाब का इंतजार है, जिसके बाद अगले कदम को लेकर तैयारी की जाएगी। सूत्र ने कहा, "अगर प्रतिक्रिया सकारात्मक रही तो असीम मुनीर किसी भी समय तेहरान की यात्रा कर सकते हैं।"
प्रस्ताव
पाकिस्तान ने पेश किया युद्धविराम के लिए अस्थायी ढांचा
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने कथित तौर पर एक ऐसा प्रस्ताव पेश किया है, जिसमें तत्काल टकराव को रोकने और बाद में व्यापक वार्ता के लिए जगह बनाने के लिए 'अस्थायी ढांचे' का प्रावधान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान फिलहाल किसी अंतिम दीर्घकालिक समझौते पर पहुंचने की कोशिश नहीं कर रहा है, बल्कि सभी पक्षों के लिए एक ऐसा समझौता चाहता है, जिसे अधिकारी 'इज्जत बचाने वाला समझौता' कह रहे हैं।
समय सीमा
नजदीक आ रही कूटनीतिक प्रयास खत्म होने की समयसीमा
रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान युद्धविराम को लेकर आनन-फानन में कदम उठा रहा है, क्योंकि अमेरिका ने शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए मध्यस्थों को एक सीमित समय दिया था, जिसकी समय सीमा नजदीक आ रही है। यही वजह है कि लगातार पाकिस्तानी नेतृत्व तेहरान के दौरे कर रहा है। पाकिस्तान के प्रयासों पर अमेरिका, कतर, सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र तक नजर बनाए हुए हैं।
पाकिस्तान के गृह मंत्री
2 दिन से ईरान में हैं पाकिस्तानी गृह मंत्री
पाकिस्तान के गृह मंत्री नकवी बीते 2 दिन से ईरान में हैं। वहां उन्होंने नागरिक-सैन्य नेतृत्व और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के वरिष्ठ कमांडरों के साथ कई दौर की बातचीत की है। बताया जा रहा है कि चर्चाओं के लिए वे कुछ दिन और ईरान में ही रुक सकते हैं। आज ही नकवी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की है। ईरान की तस्नीम एजेंसी के मुताबिक, दोनों नेताओं ने नए प्रस्ताव की समीक्षा की।
बातचीत
समझौते पर बातचीत आगे बढ़ने के संकेत
ईरानी मीडिया के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान की मध्यस्थता में चल रही बातचीत आगे बढ़ी है। दोनों पक्ष संभावित समझौते के मसौदे और औपचारिक ढांचे पर चर्चा कर रहे हैं। इसके लिए प्रस्तावों और संदेशों का आदान-प्रदान जारी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कहा है कि बातचीत में कुछ सकारात्मक संकेत दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही आगे बढ़ने का रास्ता निकल सकता है।