Page Loader
श्रीलंका को मिला नया राष्ट्रपति, अनुरा दिसानायके को चुनावों में मिली जीत
अनुरा दिसानायके श्रीलंका के अगले राष्ट्रपति होंगे (तस्वीर-एक्स/@anuradisanayake)

श्रीलंका को मिला नया राष्ट्रपति, अनुरा दिसानायके को चुनावों में मिली जीत

लेखन आबिद खान
Sep 22, 2024
08:14 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनावों के नतीजे आ गए हैं। वामपंथी उम्मीदवार अनुरा कुमारा दिसानायके ने जीत दर्ज की है। खबर है कि वे कल (23 सितंबर) को राष्ट्रपति पद की शपथ ले सकते हैं। वामपंथी पार्टी जनता विमुक्ति पेरामुना (JVP) के नेता दिसानायके श्रीलंका के 10वें राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं। दिसानायके को 42 जबकि उनके विपक्षी उम्मीदवार सजीथ प्रेमदासा को 32 प्रतिशत वोट मिले। 17 प्रतिशत वोट के साथ रानिल विक्रमसिंघे तीसरे स्थान पर रहे।

दिसानायके

कौन हैं दिसानायके? 

दिसानायके कोलंबो से सांसद हैं और JVP के अध्यक्ष हैं। उनका जन्म 24 नवंबर, 1968 को अनुराधापुरा जिले के थंबूथेगामा गांव में हुआ था। वे अपने गांव के पहले ऐसे छात्र थे, जिसने किसी विश्वविद्यालय में दाखिला लिया था। छात्र जीवन से ही वे राजनीति में सक्रिय रहे दिसानायके ने पहली बार 2000 में विधायक का चुनाव जीता था। वे 2014 में JVP के अध्यक्ष बने। 2019 के राष्ट्रपति चुनावों में उन्हें केवल 3 प्रतिशत वोट मिले थे।

चुनावी नतीजे

क्या रहे चुनावी नतीजे?

श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 21 सितंबर को मतदान हुआ था। आज हुई मतगणना के पहले चरण में किसी भी उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट नहीं मिले। इसके बाद दूसरे चरण की मतगणना की गई। दरअसल, मतदाता प्रत्याशी के सामने अपनी प्राथमिकता से एक, दो और 3 नंबर भी लिखते हैं। दूसरे चरण में इन्हीं वरीयता मतों की गणना की गई। श्रीलंका के इतिहास में ये पहली बार हुआ है, जब मतगणना दूसरे चरण तक पहुंची।