LOADING...
एंडी बर्नहम का ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय, 322 सांसदों का मिला समर्थन
एंडी बर्नहम ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं

एंडी बर्नहम का ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय, 322 सांसदों का मिला समर्थन

लेखन आबिद खान
Jul 10, 2026
07:00 pm

क्या है खबर?

एंडी बर्नहम ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं। लेबर पार्टी के ज्यादातर सांसदों ने प्रधानमंत्री पद के लिए उनका समर्थन किया है। आज नामांकन के पहले दिन उन्हें लेबर पार्टी के 403 सांसदों में से 322 का समर्थन मिला है। अभी तक किसी और नेता ने लेबर पार्टी के प्रमुख के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया है। कुछ और सांसदों ने कहा है कि वे सोमवार को बर्नहम के पक्ष में मतदान करेंगे।

शपथ

20 जुलाई को शपथ ले सकते हैं बर्नहम

लेबर पार्टी के नेता पद के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 16 जुलाई है। उम्मीद है कि 17 जुलाई को बर्नहम को औपचारिक रूप से लेबर पार्टी का नेता चुना जाएगा और 20 जुलाई को उन्हें आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री घोषित किया जाएगा। इससे ठीक पहले पूर्व जूनियर रक्षा मंत्री अल कार्न्स ने कहा कि वे बर्नहम के खिलाफ दावेदारी नहीं करेंगे। वे भी अगले प्रधानमंत्री की रेस में शामिल माने जा रहे थे।

परिचय

कौन हैं बर्नहम?

7 जनवरी, 1970 को लिवरपूल में जन्मे बर्नहम का बचपन वारिंगटन के पास एक गांव में बीता है। उनके पिता इंजीनियर और मां रिसेप्शनिस्ट थीं। वह लैंकाशर स्कूलबॉय क्रिकेट टीम में तेज गेंदबाज थे। संगीत में भी उनकी रुचि रही है। उन्होंने प्रतिष्ठित कैंब्रिज विश्वविद्यालय से अंग्रेजी की पढ़ाई की। वे पत्रकार भी रहे हैं। उन्होंने टैंक वर्ल्ड और पैसेंजर वर्ल्ड मैनेजमेंट जैसी व्यापार पत्रिकाओं के लिए काम किया है।

Advertisement

राजनीति

15 साल की उम्र में लेबर पार्टी से जुड़े

बर्नहम मात्र 15 साल की उम्र में ही लेबर पार्टी से जुड़ गए थे। 20 साल की उम्र में उन्होंने सांसद टिसा जोवेल के लिए रिसर्चर के तौर पर काम किया। इसके बाद वे तत्कालीन संस्कृति सचिव क्रिस स्मिथ के विशेष सलाहकार बने। 2001 में उन्होंने ग्रेटर मैनचेस्टर से अपना पहला सांसद चुनाव जीता। वे संस्कृति, स्वास्थ्य, मीडिया और खेल मामलों के मंत्री रहे हैं। उन्होंने हाल ही में मेकरफील्ड उपचुनाव जीतकर संसद में वापसी की है।

Advertisement

इस्तीफा

7 साल में ब्रिटेन को मिलेगा छठा प्रधानमंत्री

22 जून को कीर स्टार्मर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे दिया था। स्थानीय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन, आर्थिक नीतियों से नाराजगी और अवैध प्रवासन रोकने में नाकाम रहने के चलते स्टार्मर पर दबाव बढ़ता जा रहा था। स्टार्मर बीते 10 साल में कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ने वाले 5वें प्रधानमंत्री थे। अब 7 साल में ब्रिटेन को छठा प्रधानमंत्री मिलेगा।

Advertisement