Page Loader
चीन: कहर बरपा रहा है कोरोना, शंघाई में लोगों के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी
शंघाई में लोगों के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी

चीन: कहर बरपा रहा है कोरोना, शंघाई में लोगों के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी

Mar 29, 2022
04:48 pm

क्या है खबर?

चीन के सबसे बड़े शहर शंघाई में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते कड़ी पाबंदिया लागू की गई हैं। शहर के पूर्वी हिस्से में लोगों के घरों से बाहर निकलने पर प्रतिबंध लग गया है। यहां स्थित पुडोंग जिले में कई बड़े वित्तीय संस्थान और शंघाई स्टॉक एक्सचेंज मौजूद हैं। अब यहां लोग केवल कोरोना वायरस टेस्ट कराने के लिए घर से बाहर कदम रख सकते हैं। इसके अलावा वो किसी भी काम के लिए बाहर नहीं निकल सकते।

शंघाई

लोगों को गलियारों तक आने की अनुमति नहीं

शंघाई के स्थानीय स्वास्थ्य कमीशन से जुड़े एक अधिकारी ने मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि नागरिकों को संक्रमण से बचने के लिए अपने रिहायशी परिसरों के गलियारों, गैरेज और खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी गई है। लोग यहां पालतू जानवरों को घूमाने के लिए भी बाहर नहीं निकल सकेंगे। शहर में पहले से ही कई पाबंदियां लागू थीं और अब इन्हें और कड़ा कर दिया गया है।

कोरोना संकट

अब तक लागू थीं ये पाबंदियां

मंगलवार से पहले तक शंघाई में रह रहे नागरिकों को अपनी इमारत की लॉबी में जाने और परिसर के खुले स्थानों पर घूमने की आजादी थी। किसी इमारत में संक्रमण का मामला न होने पर वहां के लोगों को परिसर से बाहर जाने की भी छूट है। रविवार को स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की थी। हालांकि, तब तक लोगों के घरों से बाहर आने पर पाबंदियां नहीं लगाई गई थीं।

शंघाई

शहर में मंगलवार को सामने आए रिकॉर्ड मामले

शंघाई में मंगलवार को कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 4,477 नए मामले दर्ज किए गए थे, जो सोमवार को मिले 3,500 मरीजों से ज्यादा हैं। वहीं चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के अनुसार, पूरे देश में 6,886 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। बता दें कि यहां बीते कई दिनों से संक्रमण की रफ्तार में इजाफा देखने को मिल रहा है। संक्रमण को काबू में लाने के लिए प्रशासन शहर के सभी लोगों का टेस्ट करने की योजना बना रहा है।

ऐहतियाती कदम

बाहर से मगंवाई जा रही हैं दवाएं

मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच चीन ने फाइजर की कोरोना गोलियों के 21,000 डिब्बे मंगवाए हैं। प्रशासन ने कहा है कि वह दवाओं और वैक्सीन का आयात जारी रखेगा। हालांकि, उसने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है। इसके अलावा भी प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए कई ऐलान किया है। इनमें टैक्स से छूट, किराया देने की समयसीमा बढ़ाने और लघु उद्योगों के लिए कर्ज की मदद देने जैसे कदम शामिल हैं।

शंघाई

कई इलाकों में पहले से जारी है लॉकडाउन

इससे पहले भी 2.6 करोड़ की आबादी वाले शंघाई के कई इलाकों में लॉकडाउन लगाया जा चुका है और इन इलाकों के निवासियों के कई बार टेस्ट किए गए हैं। शहर के प्रसिद्ध डिज्नी थीम पार्क को भी बंद कर दिया गया था। यहां कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन वेरिएंट तेजी से पैर पसार रहा है। अभी तक इसे रोकने के सारे कदम असफल साबित हुए हैं, जिसके चलते अब लोगों को घरों से निकलने से रोका गया है।

वजह

ओमिक्रॉन और डेल्टा वेरिएंट के कारण बढ़ रहे मामले

चीन में दैनिक मामलों में ये वृद्धि बेहद संक्रामक ओमिक्रॉन और डेल्टा वेरिएंट के कारण हो रही है। देश के 19 राज्य ऐसे हैं जो इन दोनों वेरिएंट्स से जूझ रहे हैं। नए मामलों को पकड़ने के लिए देश में पूरे के पूरे शहरों की कई बार टेस्टिंग की जा रही है। जिलिन के सभी निवासियों की तो पांच बार टेस्टिंग हो चुकी है। अन्य शहरों में भी बड़े पैमाने पर टेस्टिंग की गई है।