Page Loader
अजय बंगा बन सकते हैं विश्व बैंक के अगले प्रमुख, राष्ट्रपति बाइडन ने किया नामांकित
मास्टर कार्ड के पूर्व CEO बन सकते हैं विश्व बैंक के अगले प्रमुख

अजय बंगा बन सकते हैं विश्व बैंक के अगले प्रमुख, राष्ट्रपति बाइडन ने किया नामांकित

Feb 23, 2023
10:45 pm

क्या है खबर?

मास्टर कार्ड के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अजय बंगा विश्व बैंक के अगले प्रमुख बन सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने उन्हें इस पद के लिए नामांकित किया है। व्हाइट हाउस की ओर से यह जानकारी दी गई है। बता दें कि विश्व बैंक के वर्तमान प्रमुख डेविड मलपास ने हाल ही में पद छोड़ने का ऐलान किया था। उसके बाद से ही बैंक प्रबंधन ने नए प्रमुख का चुनाव करने की तैयारी शुरू कर दी है।

बयान

राष्ट्रपति बाइडन ने बंगा को लेकर क्या कहा?

राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, "बंगा इतिहास के इस महत्वपूर्ण क्षण में विश्व बैंक का नेतृत्व करने के लिए विशिष्ट रूप से उपयुक्त हैं। उन्होंने सफल, वैश्विक कंपनियों के निर्माण और प्रबंधन में तीन दशक से अधिक का समय बिताया है। ये कंपनियां विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में रोजगार सृजित करती हैं और निवेश लाती हैं।" उन्होंने कहा, "जलवायु परिवर्तन सहित हमारे समय की सबसे जरूरी चुनौतियों से निपटने के लिए बंगा के पास सार्वजनिक-निजी संसाधन जुटाने का भी महत्वपूर्ण अनुभव है।"

बयान

"बैंक के लक्ष्यों को प्राप्त करने में काम आएगा बंगा का अनुभव"

अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलन ने कहा, "बंगा का अनुभव विश्व बैंक के लक्ष्यों को हासिल में काम आएगा। बैंक के अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन अंतिम चयन मई की शुरुआत में होने की उम्मीद है।" यदि बंगा अध्यक्ष बनते हैं तो वह इस पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकन और सिख-अमेरिकन होंगे। अब तक इंटरनेशनल मॉनीटरी फंड और विश्व बैंक में भारतीय मूल को कोई भी व्यक्ति इस पद पर नहीं पहुंचा है।

प्रोत्साहन

महिला उम्मीदवारों को देंगे प्रोत्साहन- विश्व बैंक

विश्व बैंक में नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 29 मार्च तक चलेगी। इसके तहत अब उम्मीदवारों के नामांकन लेना शुरू कर दिया गया है। विश्व बैंक की ओर से कहा गया है कि अध्यक्ष के चुनाव की इस प्रक्रिया में महिला उम्मीदवारों को पूरी दृढ़ता से प्रोत्साहित किया जाएगा। बता दें कि विश्व बैंक का अध्यक्ष परंपरागत रूप से अमेरिका की तरफ से चुना गया शख्स होता है। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) का प्रमुख यूरोपीय होता है।

परिचय

पुणे के सिख परिवार में हुआ था बंगा का जन्म

बंगा का जन्म 10 नवंबर, 1959 को महाराष्ट्र के पुणे की खड़की छावनी में एक सिख परिवार में हुआ था। उनका परिवार मूल रूप से पंजाब के जालंधर का रहने वाला है। उनके पिता हरभजन सिंह बंगा एक सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट-जनरल हैं। शुरुआती पढ़ाई के बाद बंगा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्फीफंस कॉलेज से इकनॉमिक्स की डिग्री हासिल की थी। उनके कार्यों को देखते हुए भारत सरकार ने 2016 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था।

अनुभव

बंगा को बिजनेस में है 30 साल से अधिक का अनुभव

बंगा को बिजनेस के क्षेत्र में 30 साल से अधिक का अनुभव है। वह वर्तमान में इक्विटी फर्म जनरल अटलांटिक में वाइस चेयरमैन के पद पर कार्यरत हैं। वह नीदरलैंड स्थित निवेश होल्डिंग कंपनी एक्सोर के अध्यक्ष भी हैं। वह अप्रैल, 2010 से सितंबर, 2022 तक मास्टरकार्ड के CEO भी रह चुके हैं। इसी तरह US-इंडिया बिजनेस काउंसिल (USIBC) के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं। वह अमेरिकन रेड क्रॉस, क्राफ्ट फूड्स और डाउ इंक के बोर्ड में रह चुके हैं।