कैलिफोर्निया स्टेट विश्वविद्यालय के हॉस्टल में चली गोलियां, 6 हथियारबंद संदिग्धों की तलाश
अमेरिका के कैलिफोर्निया स्टेट विश्वविद्यालय के नए छात्रों के हॉस्टल, क्लैमथ हॉल में देर रात गोलीबारी से हड़कंप मच गया। हॉस्टल में विश्वविद्यालय में प्रवेश पाने वाले नए छात्र रहते हैं।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे हॉस्टल की लॉबी और कंप्यूटर रूम में गोलियां चलीं, हालांकि गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस को गोलीबारी में 6 संदिग्धों की जानकारी मिली है, जिनकी तलाश की जा रही है। अभी कोई गिरफ्तार नहीं हुआ है।
3 संदिग्धों के पास पिस्तौल होने की खबर
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी करने वाले 6 संदिग्धों की उम्र 18 से 20 साल के बीच बताई जा रही है और खबर है कि इनमें से 3 के पास पिस्तौलें थीं।
पुलिस का मानना है कि गोलीबारी करने वाले सैक्रामेंटो स्टेट के छात्र नहीं हैं। इस घटना से कैंपस में छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, खासकर तब जब पिछले महीने एक फुटबॉल मैच में भी गोलीबारी हुई थी।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा, "हमारे कैंपस समुदाय की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, और हम आभारी हैं कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इस जांच में हमें अपने कैंपस समुदाय का पूरा सहयोग और समर्थन मिल रहा है।"