पाकिस्तान में सियासी घमासान: PTI का देशव्यापी प्रदर्शन, इमरान की बहनें भी गिरफ्तार
पाकिस्तान में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सरकार के साथ मैराथन बातचीत बेनतीजा रहने के बाद इमरान खान की पार्टी PTI ने अपना देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। संसद भवन में लगभग 11 घंटे तक चली बैठक में भी मुख्य मुद्दों का कोई हल नहीं निकल पाया। सीनेट में विपक्ष के नेता अल्लामा राजा नासिर अब्बास ने खुद माना है कि इमरान खान से मुलाकात कराने जैसी कुछ छोटी-मोटी बातें अभी भी अटकी हुई हैं।
हजारों की संख्या में पुलिस तैनात
यह विरोध प्रदर्शन रविवार को लक्की मरवत के गांधी चौक से शुरू हो रहा है और कई शहरों से होकर गुजरेगा। 8 अक्टूबर को यह खैराबाद में खत्म होगा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हजारों की तादाद में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, मुख्य सड़कें बंद कर दी गई हैं और PTI के दर्जनों नेताओं और मंत्रियों को हिरासत में लिया गया है या उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं। इनमें खान की 3 बहनें भी शामिल हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर जेल में रखा गया है।