जापान में AI हैकर्स ने मचाया कहर, सरकार ने दी देशव्यापी चेतावनी
जापान सरकार ने एक देशव्यापी साइबर सुरक्षा चेतावनी जारी की है। हाल ही में लॉसन और डाइवा सिक्योरिटीज जैसी कई बड़ी कंपनियों में डाटा लीक हुआ है, जिसके बाद लाखों लोगों की निजी जानकारी जोखिम में आ गई है। इसी को देखते हुए यह चेतावनी जारी की गई है। डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन मंत्री तोशीहिरो फुरुकावा ने बताया कि सरकार अब ऑनलाइन सुरक्षा को मजबूत बनाने में जुटी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, 'साइबर हमले अब पहले से कहीं ज्यादा एडवांस हो चुके हैं। ये लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर बुरा असर डाल रहे हैं और साथ ही व्यापारिक गतिविधियों में भी बड़ी रुकावट पैदा कर रहे हैं।'
जापान को 500 से ज्यादा साइबर हमलों का सामना करना पड़ा
जापान इस साल अकेले ही 500 से ज्यादा साइबर हमलों का सामना कर चुका है, जो पिछले पूरे साल हुए हमलों से भी ज्यादा हैं। चोरी हुई जानकारी में लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस जैसी अहम चीजें भी शामिल हैं, जिससे पहचान चोरी का खतरा और बढ़ गया है। एक बड़ी चिंता यह भी है कि अब हैकर्स AI का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे सिस्टम में सेंध लगाने के नए तरीके खोज रहे हैं और लोगों को ज्यादा चालाकी से ठगने के भी नए रास्ते निकाल रहे हैं। सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सुरक्षित रहने के लिए हमेशा अलग-अलग पासवर्ड का इस्तेमाल करें और मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूर चालू रखें।