जोधपुर में 'तरंग शक्ति' में गरजे आधुनिक लड़ाकू विमान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का अहम बयान
क्या है खबर?
राजस्थान के जोधपुर में भारतीय वायुसेना के स्टेशन पर में आयोजित हो रहे सबसे बड़े बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास 'तरंग शक्ति 2026' के मुख्य कार्यक्रमों में आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। 'साझेदारी में शक्ति' थीम पर आधारित इस ऐतिहासिक सैन्य अभ्यास का आयोजन 26 सितंबर से 12 अक्टूबर, 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें भारत समेत दुनिया के 8 प्रमुख देशों की वायुसेनाएं हिस्सा ले रही हैं। इसमें अमेरिका का F-35 लड़ाकू विमान चर्चा का केंद्र रहा।
संबोधन
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में क्या कहा?
आसमान में अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों की गर्जना के बीच राजनाथ सिंह ने मित्र देशों के सैन्य अधिकारियों को संबोधित किया और बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य को लेकर भारत का दृष्टिकोण साझा किया।
उन्होंने कहा, "अंतरिक्ष, साइबर क्षेत्र और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी तकनीकें युद्ध की प्रकृति बदल रही हैं। सेनाओं की ताकत का आकलन अब केवल हथियारों या विमानों की संख्या से नहीं, बल्कि सटीक तकनीक और त्वरित निर्णयों से होता है।"
चुनौती
अकेला देश नहीं कर सकता वर्तमान जटिल सुरक्षा चुनौतियों का सामना
राजनाथ सिंह ने रेखांकित किया कि वर्तमान जटिल सुरक्षा चुनौतियों का सामना कोई भी देश अकेले नहीं कर सकता, जिसके लिए 'तरंग शक्ति' जैसे साझा अभ्यास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
समारोह के दौरान उन्होंने भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता का जिक्र करते हुए तेजस, रुद्र, आकाश मिसाइल प्रणाली और AMCA जैसे स्वदेशी कार्यक्रमों को देश की बढ़ती ताकत का प्रमाण बताया।
8 अक्टूबर को आयोजित भव्य एरियल डिस्प्ले ने स्थानीय नागरिकों को भी आकर्षित किया।
भागीदारी
वैश्विक भागीदारी और सैन्य अभ्यास की मुख्य विशेषताएं
'तरंग शक्ति 2026' में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और अमेरिका की वायुसेनाएं सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं, जबकि 30 से अधिक देश पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हैं।
जोधपुर एयरबेस पर अमेरिकी F-35, राफेल, सुखोई SU-30MKI, तेजस और विभिन्न परिवहन विमानों जैसे आधुनिक सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया गया है।
इन विमानों के प्रदर्शन को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में रोमांच भर गया।