Loading...
दिलजीत दोसांझ के दिल्ली शो पर बड़ा अपडेट, पंजाबी प्रमोशन काउंसिल ने की ये खास अपील
दिलजीत दोसांझ से पंजाबी प्रमोशन काउंसिल की अपील (तस्वीर: एक्स)

दिलजीत दोसांझ के दिल्ली शो पर बड़ा अपडेट, पंजाबी प्रमोशन काउंसिल ने की ये खास अपील

लेखन सयाली
Oct 10, 2026
04:22 pm

क्या है खबर?

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रशंसक बेसब्री से उनके 'ऑरा इंडिया टूर' का इंतजार कर रहे हैं। ये एक भव्य टूर होने वाला है, जिसकी शुरुआत 1 नवंबर से होगी और ये 5 दिसंबर तक चलेगा। इस बीच पंजाबी प्रमोशन काउंसिल ने गायक और उनकी टीम से 1 नवंबर को होने वाले उनके दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख बदलने की अपील की है। आइए जानते हैं कि इस अनुरोध के पीछे का कारण क्या है।

कारण

क्या है इस अपील की वजह?

काउंसिल के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने एक औपचारिक पत्र लिखकर दिलजीत से ये अनुरोध किया है।

पत्र के अनुसार, कई सिख परिवारों के लिए 1 नवंबर का दिन बहुत भावुक महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन उस सिख-विरोधी हिंसा की शुरुआत हुई थी, जो 31 अक्टूबर, 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़की थी।

तारीख के महत्व को देखते हुए काउंसिल ने दिलजीत से दिल्ली कॉन्सर्ट को किसी और दिन करने का अनुरोध किया है।

दिलजीत

दिलजीत को लेकर पत्र में क्या कहा गया?

काउंसिल ने अपील में पंजाबी कलाकार के तौर पर दिलजीत की उपलब्धियों की तारीफ की और पंजाबी संगीत-संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के लिए उन्हें सराहा।

काउंसिल ने बताया कि अपील का मकसद दिलजीत की उपलब्धियों या उनके गाने के अधिकार पर सवाल उठाना नहीं है।

इसके बजाय उन्होंने गायक से आग्रह किया है कि वो इस बात पर विचार करें कि कॉन्सर्ट की तारीख का पीड़ितों, शोक-संतप्त परिवारों और सिख समुदाय पर क्या असर पड़ सकता है।

ADVERTISEMENT

प्रतिक्रिया

दिलजीत के जवाब का है इंतजार

काउंसिल ने दिलजीत की मैनेजमेंट और आयोजन टीम से औपचारिक जवाब मांगा है। हालांकि, अभी तक गायक का कोई जवाब नहीं आया है और तारीख बदलने की जानकारी भी सामने नहीं आई है।

पत्र के अनुसार, इस अनुरोध का मकसद विवाद खड़ा करना या प्रशंसकों को शो में जाने से रोकना नहीं है। काउंसिल के मुताबिक, इस तारीख के ऐतिहासिक महत्व को मान्यता देने से 1984 की हिंसा से प्रभावित लोगों के प्रति सहानुभूति, सम्मान और एकजुटता का संदेश जाएगा।

ADVERTISEMENT