अमेरिका ने आगंतुक वीजा पर काम करने वाले स्टाफ में 32 प्रतिशत की कमी की, अब बढ़ेगा इंतजार
अमेरिका ने बड़ा फैसला लेते हुए आगंतुक वीजा पर काम करने वाले फुट टाइम स्टाफ में कटौती कर दी है, जिससे इंटरव्यू के लिए अब पहले से कहीं ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है।
अमेरिका ने दुनिया भर में आगंतुक वीजा पर काम करने वाले फुल-टाइम स्टाफ में 32 प्रतिशत की कमी की है। इसी का नतीजा है कि अपॉइंटमेंट के लिए औसत ग्लोबल वेटिंग टाइम वित्त वर्ष 2019 के 26 दिन से बढ़कर वित्त वर्ष 2025 में 201 दिन हो गया है।
इस देरी की वजह से अब पर्यटन, बिजनेस और परिवार से मिलने के लिए अमेरिका जाना काफी मुश्किल हो गया है।
भारतीयों के लिए अमेरिकी वीजा में भारी बैकलॉग
भारतीय आवेदकों के लिए तो यह इंतजार और भी मुश्किल भरा है। वित्त वर्ष 2025 में 14.55 लाख नॉन-इमिग्रेंट वीजा आवेदनों को सिर्फ 68 अधिकारियों ने संभाला था, यानी हर अधिकारी के पास करीब 21,401 आवेदन थे।
अमेरिकी सरकार के जवाबदेही कार्यालय का कहना है कि बेहतर वर्कफोर्स प्लानिंग की जरूरत है और नियमित तौर पर स्टाफ की समीक्षा होनी चाहिए।
कोलंबिया जैसे दूसरे देश भी लंबी प्रतीक्षा सूची से जूझ रहे हैं, ऐसे में यह सिर्फ भारत-अमेरिका का ही मुद्दा नहीं है। यह सब इसलिए अहम है क्योंकि पिछले साल पर्यटन से अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 176 अरब डॉलर आए थे, जो अभी भी महामारी से पहले के स्तर तक नहीं पहुंच पाया है।