Loading...
अफगानिस्तान में स्कूल के पास धमाका, 6 छात्रों की मौत और करीब 100 घायल
धमाके के बाद उठता धुंआ

अफगानिस्तान में स्कूल के पास धमाका, 6 छात्रों की मौत और करीब 100 घायल

लेखन आबिद खान
Nov 28, 2026
02:59 pm

क्या है खबर?

अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में एक स्कूल के पास जोरदार धमाका हुआ है। इसमें कम से कम 6 बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 100 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि दूर तक आवाज सुनी गई। फिलहाल घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। अभी तक धमाके की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

धमाका

खनन के लिए रखे डाइनामाइट में धमाके की आशंका

कुनार में सूचना और संस्कृति विभाग के निदेशक मौलवी समी-उल-हक ने अल जजीरा को बताया कि धमाका कुनार प्रांत के अंदर सेर इलाके में स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे एक माध्यमिक स्कूल के बगल वाले घर में हुआ।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, धमाके की वजह डायनामाइट का गलत तरीके से रखा जाना हो सकता है, क्योंकि इस घर में खनन का काम करने वाले मजदूर रहते थे। हालांकि, अभी तक आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।

पिछला धमाका

अगस्त में घायल हुए थे 42 बच्चे

इसी साल 17 अगस्त को काबुल के एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड से हमला हुआ था, जिसमें 42 बच्चे घायल हो गए थे। सभी बच्चों की उम्र 9 से 14 साल के बीच थी।

धमाके के वक्त बच्चे स्कूल से घर जाने की तैयारी कर रहे थे।

बता दें कि कुनार प्रांत पाकिस्तान की सीमा से लगा हुआ है और यहां सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बनी रहती हैं।

ADVERTISEMENT