Loading...
कनाडा में भारतवंशी हिमांशी खुराना की हत्या करने वाला आरोपी साथी 7 महीने बाद गिरफ्तार
कनाडा में भारतवंशी हिमांशी खुराना की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है

कनाडा में भारतवंशी हिमांशी खुराना की हत्या करने वाला आरोपी साथी 7 महीने बाद गिरफ्तार

Aug 09, 2026
11:25 am

क्या है खबर?

कनाडा के टोरंटो में पिछले साल हुई भारतीय मूल की 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टोरंटो पुलिस ने हत्या के 7 महीने बाद हिमांशी के 32 वर्षीय साथी और मुख्य आरोपी अब्दुल गफूरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्स्ट डिग्री मर्डर (योजनाबद्ध तरीके से हत्या) का आरोप लगाया गया है। बता दें कि हिमांशी पिछले साल 20 दिसंबर को टोरंटो स्थित एक आवास में मृत पाई गई थीं।

गिरफ्तारी

टोरंटो हवाई अड्डे से दबोचा गया आरोपी

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी गफूरी को 7 अगस्त को टोरंटो हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। हत्या को अंजाम देने के बाद वह कनाडा से भाग गया था।

टोरंटो पुलिस की फ्यूजिटिव स्क्वाड और होमिसाइड यूनिट ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा साझेदारों के साथ मिलकर एक योजना तैयार की और आरोपी को कनाडा वापस लाने और गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की।

आरोपी के खिलाफ पिछले साल दिसंबर से ही देशव्यापी वारंट जारी था।

रिश्ता

लिव-इन में रहते थे गफूरी और हिमांशी

पुलिस के मुताबिक, हिमांशी और गफूरी एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे और लिव-इन रिलेशनशिप में थे।

पिछले साल 19 दिसंबर को पुलिस को हिमांशी के लापता होने की शिकायत मिली थी। 20 दिसंबर को सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस ने टोरंटो के एक घर से हिमांशी का शव बरामद किया था।

शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानकर जांच शुरू कर दी थी और गफूरी को मुख्य संदिग्ध बनाया था।

ADVERTISEMENT

प्रतिक्रिया

भारतीय दूतावास ने व्यक्त किया था गहरा दुख

टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हिमांशी की हत्या पर गहरा दुख जताते हुए उसे बड़ा झटका बताया था और उनके परिवार को समर्थन देने का आश्वासन दिया था।

दूतावास ने एक्स पर लिखा था, 'टोरंटो में एक युवा भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की हत्या से हम बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।"

दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से खुराना के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

ADVERTISEMENT