प्यूर्टो रिको में नाव पर सवार 60 लोगों के बीच चाकूबाजी, लड़ाई के कारण समुद्र में पलटी नाव
प्यूर्टो रिको के पश्चिम में मोना द्वीप के पास एक नाव पलट गई, जिसमें करीब 60 लोग सवार थे। बताया गया है कि नाव पर मचेटे (एक तरह का बड़ा चाकू) से लड़ाई छिड़ गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद सभी यात्री बिना लाइफ जैकेट के समुद्र में गिर गए। हादसे के बाद अमेरिकी तटरक्षक बल ने 40 लोगों को बचाया है, जबकि 2 लोगों के शव मिले हैं।
नाव रविवार 27 सितंबर को प्यूर्टो रिको के पश्चिम में स्थित एक छोटे से निर्जन द्वीप मोना द्वीप से कुछ मील दूर पलटी थी। लोगों को बचाने का अभियान सोमवार को भी चलता रहा।
लापता प्रवासियों की तलाश में कोस्ट गार्ड
इस हादसे में अभी भी कई यात्री लापता हैं। अमेरिकी कोस्ट गार्ड और उसके सहयोगी फ्लोरिडा स्ट्रेट्स, विंडवार्ड पैसेज, मोना पैसेज और कैरेबियन सागर में उनकी तलाश कर रहे हैं।
यह दुर्घटना कोई अकेली घटना नहीं है; बल्कि यह एक बड़े पैटर्न का हिस्सा है। हजारों हाईटियन प्रवासी अपने देश में फैली हिंसा से बचने के लिए ऐसे खतरनाक समुद्री सफर पर निकलते हैं।
इस घटना से कुछ ही दिन पहले, 22 सितंबर को तुर्क और कैकोस द्वीप समूह के पास अधिकारियों ने हाईटियन प्रवासियों से भरी एक और नाव को रोका था। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि हैती में चल रहे संकट की वजह से 15 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।