रूस के कामचटका क्षेत्र में आया 6.7 तीव्रता का भूकंप, 205 किलोमीटर गहराई में था केंद्र
क्या है खबर?
रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कामचटका में शनिवार शाम जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई है। भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, यह भूकंप भारतीय समयानुसार शाम 6:45 बजे (स्थानीय समयानुसार रविवार तड़के 1:15 बजे) आया था। अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है और न ही सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।
केंद्र
कहां रहा भूकंप का केंद्र?
NCS के अनुसार, 6.7 की तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र जमीन से 205 किलोमीटर की गहराई में था।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र कामचटका क्राई के येलिजोवो शहर से लगभग 62 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपश्चिम में स्थित था और इसकी गहराई 188.4 किलोमीटर दर्ज की गई।
इसके अलावा यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) ने भी इस भीषण भूकंप की पुष्टि की है।
राहत
गहराई अधिक होने के कारण टला बड़ा नुकसान
भूकंप विशेषज्ञों के अनुसार, यह एक मध्यवर्ती गहराई वाला भूकंप था, जिसका केंद्र सतह से करीब 188 से 205 किलोमीटर नीचे था। इतनी अधिक गहराई होने के कारण सतह पर कंपन की तीव्रता कम रही।
USGS ने इस भूकंप के लिए 'ग्रीन अलर्ट' जारी किया है, जो सबसे निचला स्तर होता है और दर्शाता है कि इससे संपत्ति के नुकसान या जनहानि की आशंका बेहद कम है।
हालांकि, भूकंप के झटकों के कारण लोगों में डर फैल गया था।
सुनामी
सुनामी का नहीं है कोई खतरा
समुद्री तट के करीब होने के कारण शुरुआती तौर पर सुनामी की आशंकाओं की जांच की गई, लेकिन अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (PTWC) और फिलीपींस की भूकंप एजेंसी (PHIVOLCS) ने स्पष्ट कर दिया है कि इस भूकंप से प्रशांत महासागर क्षेत्र, गुआम, या आसपास के किसी भी तटीय इलाके में सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
बता दें कि कामचटका प्रायद्वीप प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में स्थित है और यहां भूकंप आना आम बात है।