
न्यू मैक्सिको के पार्क में भीषण गोलीबारी में 3 लोगों की मौत, 15 अन्य घायल
क्या है खबर?
अमेरिका के न्यू मैक्सिको में लास क्रूसेस स्थित एक पार्क में शुक्रवार रात हुई भीषण गोलीबारी की घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि शवों को मोर्चरी में रखवा दिया। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने आसपास के इलाके को सील कर दिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना
पार्क में कैसे हुई घटना?
पुलिस प्रमुख जेरेमी स्टोरी ने बताया मृतकों और घायलों के नाम जारी नहीं किए हैं। मृतकों में 19 वर्षीय 2 युवक और 16 वर्षीय एक किशोर शामिल है। घायलों की उम्र 16 से 36 वर्ष के बीच है।
उन्होंने बताया कि रात करीब 10 बजे पार्क में गोलीबारी की सूचना मिली थी। इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां कई लोग घायल पड़े थे। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां 3 को मृत घोषित कर दिया गया।
कारण
पार्क में क्यों हुई गोलीबारी की घटना?
पुलिस प्रमुख स्टोरी ने बताया कि पार्क में 50 से 60 हैंडगन के खोखे बिखरे पड़े थे, जिससे यह संकेत मिलता है कि यह दो गुटों के बीच की लड़ाई थी। पार्क के आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक बंद कर दिया है। पुलिस गोलीबारी करने वालों की तलाश में जुटी है।
लास क्रूसेस के मेयर एरिक एनरिकेज ने कहा, "मैं इस तरह की घटनाओं का मुकाबला करने के लिए लोगों से मजबूत और एकजुट होने की अपील करता हूं।"