इंडोनेशिया के सेरांग शहर में स्थित फोनुसा अगुंग मूलिया कैंडी फैक्ट्री में एक भीषण आग लग गई है। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। आग शनिवार दोपहर को लगी थी, जिसके बाद इमारत के कुछ हिस्से ढह गए। जिस वक्त आग लगी, फैक्ट्री के अंदर करीब 60 लोग मौजूद थे। बचाव दल अब भी लापता लोगों की तलाश कर रहा है। हालांकि, घने धुएं और छोटी-मोटी आग की लपटों के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किल आ रही है।
घने धुएं और नुकसान से बचाव कार्य धीमा
घने धुएं और फैक्ट्री की क्षतिग्रस्त इमारतों की वजह से बचाव अभियान की रफ्तार धीमी पड़ गई है। ड्रोन फुटेज में दिख रहा है कि फैक्ट्री का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से तबाह हो गया है। इस हादसे में 4 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल और स्वास्थ्य क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। यह फैक्ट्री एक बड़ी उपभोक्ता-खाद्य कंपनी यूनिफैम (UNIFAM) का हिस्सा है। पीड़ित परिवारों को लगातार अपडेट्स का बेसब्री से इंतजार है, वहीं अधिकारी इस दुखद घटना के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।