Page Loader
दक्षिण अफ्रीका: बंदूकधारियों ने बार में घुसकर बरसाई गोलियां, 15 लोगों की मौत
दक्षिण अफ्रीका में बंदूकधारियों ने बार में गोलीबारी करके 15 लोगों को मार दिया

दक्षिण अफ्रीका: बंदूकधारियों ने बार में घुसकर बरसाई गोलियां, 15 लोगों की मौत

Jul 10, 2022
04:45 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका के सवेटो शहर के एक बार में हुई गोलीबारी में 15 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने बार में घुसकर गोलीबारी करना शुरू कर दिया और फिर एक सफेद मिनी बस में बैठकर फरार हो गए। अभी तक हमले के पीछे की मंशा का पता नहीं लग पाया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

घटना

रविवार सुबह अंधेरे हुई घटना

घटना जोहानसबर्ग के सवेटे शहर के ओरलैंडो ईस्ट इलाके स्थित एक बार में हुई। रविवार सुबह अंधेरे में कुछ बंदूकधारी बार में घुस आए और मौके पर मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे। 15 लोगों को मारने और कई को गंभीर रूप से घायल करने के बाद वे मौके से भाग गए। पुलिस के अनुसार, बंदूकधारियों पर राइफल और 9 mm की पिस्तौल थीं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी

नेल्सन मंडेला के पुराने घर के पास ही स्थित है घटनास्थल

BBC की रिपोर्ट के अनुसार, जिस बार में गोलीबारी हुई, वह दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला के पुराने घर से ज्यादा दूर नहीं है। इस घर को अब एक संग्रहालय बना दिया गया है। पुुलिस के अनुसार, सभी पीड़ित 19 से 35 साल के हैं। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी AFP ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के पूर्वी प्रांत क्वाजूलू नताल के एक बार में भी गोलीबारी होने की खबर दी है। इस घटना में चार लोग मारे गए।

गोलीबारी

दक्षिण अफ्रीका में होती रहती हैं गोलीबारी की घटनाएं

बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी की घटनाएं होती रहती हैं, जिनमें से अधिकांश को गैंगवार या शराब से संबंधित पाया जाता है। हालांकि इस घटना में मरने वाले लोगों की संख्या काफी अधिक है। ये घटना इसलिए भी अहम हो जाती है क्योंकि कुछ दिन पहले ही देश के ईस्ट लंदन शहर के एक बार में 21 किशोरों को जहरीली गैस या जहर देकर मार दिया गया था।

अमेरिका में गोलीबारी

न्यूजबाइट्स प्लस

आसानी से बंदूक हासिल करने के नियमों के कारण अमेरिका इस समय गोलीबारी से सबसे अधिक प्रभावित देश है। गन कल्चर सेफ्टी को लेकर काम करने वाली एक गैर-लाभकारी संस्था के मुताबिक, 2022 में अब तक अमेरिका में मास शूटिंग की 309 घटनाएं हो चुकी हैं। कम से कम चार लोगों की मौत होने पर किसी भी घटना को मास शूटिंग माना जाता है। ऐसी घटनाओं में हर साल लगभग 40,000 लोग मरते हैं। इनमें आत्महत्याएं भी शामिल हैं।