
इंदौर के व्यक्ति ने सोने से सजाया है अपना घर, हर तरफ दिखेगा 24 कैरेट सोना
क्या है खबर?
सोना एक ऐसी धातु है, जिसे लक्जरी से जोड़ा जाता है। इससे बने जेवर पहनकर लोग शाही लुक पा लेते हैं। हालांकि, क्या हो अगर किसी का पूरा घर ही सोने से सजा हो? सुनकर हैरानी होती है, लेकिन इंदौर के एक व्यक्ति ने अपने घर का कोना-कोना सोने से सजाया है। उनके घर के फर्नीचर से लेकर स्विच बोर्ड तक, सभी 24 कैरेट सोने से बने हुए हैं। आइए इस अनोखे घर के बारे में विस्तार से जानते हैं।
मामला
इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ सोने के घर का वीडियो
इंस्टाग्राम कंटेंट क्रिएटर प्रियम सारस्वत आलीशान घरों के वीडियो साझा करते रहते हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने जो वीडियो पोस्ट किया, उसे देखकर लोगों के होश उड़ गए। प्रियम इंदौर स्थित शाही घर में प्रवेश करते हैं, जो पूरी तरह से सोने से सजा है। इस घर को देखकर ऐसा लगता है कि मानो किसी राजा के महल में पहुंच गए हों। प्रियम का यह वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया है और लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
वीडियो
मालिक की गाड़ियों का संग्रह भी उड़ा देगा होश
इस वीडियो को अब तक एक करोड़ लोगों ने देखा है, जिसकी शुरुआत में प्रियम घर के मालिक से प्रवेश की अनुमति मांगते हैं। जैसे ही दरवाजा खुलता है, सबसे पहले उन्हें एक गौशाला दिखाई जाती है। घर के मालिक मानते हैं कि गाय पालने से सकारात्मकता आती है। इसके बाद उनका अद्भुत कार का संग्रह दिखाई देता है। कई शानदार गाड़ियां इस घर की पार्किंग की शोभा बढ़ाती हैं, जिनमें 1936 की विंटेज मर्सिडीज भी शामिल है।
सोना
चारों और दिखाई देता है सोना ही सोना
जब प्रियम घर के अंदर पहुंचते हैं तो उन्हें चारों तरफ सोना दिखाई देता है। वह पूछते हैं, "बहुत सारा सोना दिखाई दे रहा है।" इस पर मालिक जवाब देते हैं, "सब असली 24 कैरेट सोना है।" इस घर में कमरे की दीवारों पर बने खंबे, फर्नीचर, छत, सजावट का सामान और यहां तक की स्विच बोर्ड तक सोने के ही लगाए गए हैं। आप सुनकर हैरान हो जाएंगे कि हाथ धोने वाला सिंक भी सोने का ही बना है।
विवरण
इस आलीशान घर में हैं 10 बैडरूम
इसके बाद प्रियम घर के मुख्य एरिया की ओर बढ़ते हैं, जिसमें बॉलीवुड फिल्मों से प्रेरित सीढ़ियां दिखाई देती हैं। घर के मालिक की अमीरी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूरे घर में सोने की कई मूर्तियां नजर आती हैं। घर के मंदिर में भगवान सोने के सिंहासन पर विराजमान हैं। मालिक बताते हैं कि उनके आलीशान बंगले में 10 बैडरूम हैं, हर कमरे में बालकनी हैं और गार्डन में फव्वारा तक लगा हुआ है।
कहानी
कैसे मिली मालिक को इतनी सफलता?
अपनी सफलता की कहानी बताते हुए मालिक कहते हैं, "हमारे 25 लोगों के परिवार के लिए सिर्फ एक पेट्रोल पंप था। सभी उस पर ही निर्भर थे।" उन्होंने आगे कहा, "मुझे एहसास हुआ कि मेरा गुजारा मुश्किल होगा, इसलिए मैंने सरकारी ठेकेदारी शुरू कर दी। हम सरकार के लिए सड़कें, पुल और इमारतें बनाते हैं।" वह अब 300 कमरों वाला एक होटल भी बना रहे हैं। उनकी कहानी ने कई लोगों को प्रेरित भी किया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें घर का एक्स पर शेयर किया गया वीडियो
House adorned with 24 Carat GOLD in Indore, India 💫✨️ pic.twitter.com/Im3XH8Vcb7
— Rosy (@rose_k01) June 29, 2025