भागकर शादी करने से लेकर बिच्छू से खेलने तक, होली की 5 सबसे अजीब परंपराएं
क्या है खबर?
भारत में होली का त्योहार बड़े धूम-धाम से मनता है। हर राज्य व शहर इस पर्व को अपने खास अंदाज और परंपराओं के साथ मनाता है।
वृंदावन में फूलों की होली होती है, बरसाने में लट्ठ मार होली मनती है और काशी में भस्म की होली होती है। हालांकि, कई लोग होली के दिन ऐसी विचित्र परंपराएं निभाते हैं, जो हैरान होने पर मजबूर कर देती हैं।
आइए इस पर्व से जुड़ी सबसे अजीबो-गरीब परंपरओं के बारे में जानते हैं।
#1
भागकर शादी करना
मध्य प्रदेश के भील आदिवासी होली पर एक खास परंपरा निभाते हैं। गांव में हाट मेला लगता है, जहां सभी युवक-युवती जमा होते हैं।
इस दिन लड़के अपनी पसंद की लड़की से शादी की मंजूरी लेने के लिए 'मांदल' वाद्य यंत्र बजाते हैं। इसके बाद वे उनके गाल पर गुलाल लगाते हैं।
अगर लड़की राजी होती है तो वह भी लड़के को गुलाल लगा देती है। इसके बाद लड़का लड़की को भगा ले जाता है, जिसे शादी माना जाता है।
#2
बिच्छू से खेलना
बिच्छू एक ऐसा कीड़ा है, जिसका नाम सुनते ही डर लगता है। हालांकि, आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि इटावा के सौंथना गांव में रंगों की जगह बिच्छुओं से होली खेली जाती है।
यहां फाग की थाप सुनकर सैकड़ों बिच्छू बिलों से बाहर आ जाते हैं। इस गांव के बड़े-बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक, सभी इन्हें हाथों में उठाकर एक दूसरे पर फेंकते हैं।
माना जाता है कि बिच्छू होली की बधाई देने के लिए ही बिलों से निकलते हैं।
#3
एक दूसरे पर अंगारे फेंकना
आपने रंग, गुलाल और पानी से तो होली खेली होगी। हालांकि, क्या आप जलते अंगारों से होली खेलने की कल्पना कर सकते हैं?
मध्य प्रदेश के मालवा में इस त्योहार के मौके पर कुछ ऐसा ही होता है। यहां लोग होली के दिन एक-दूसरे पर धधकते हुए अंगारे फेंकते हैं।
इस दौरान सभी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते हैं। इसके पीछे यह धारणा यह है कि अंगारे फेंकने से होलिका राक्षसी का नाश हो जाता है।
#4
मातम मनाना
होली आपने साथ खुशहाली लेकर आती है। हालांकि, हरियाणा में एक ऐसा गांव है, जहां होली के दिन मातम पसरा रहता है।
कैथल में श्रीराम स्नेही दास नाम के बाबा रहा करते थे। एक बार कुछ लोगों ने उन्हें अपमानित किया, जिसकी वजह से बाबा नाराज होकर होलिका दहन की अग्नि में कूद गए।
उन्होंने शाप दिया कि जिसने भी उनकी मृत्यु के बाद होली खेली, उसका अंत बहुत बुरा होगा। तभी से यहां होली पर मातम मनाया जाता है।
#5
एक दूसरे को पत्थर मारना
बरसाना की लट्ठ मार होली तो दुनियाभर में मशहूर है, लेकिन राजस्थान की पत्थर मार होली के बारे में कम लोग जानते हैं।
इस राज्य के बांसवाड़ा और डूंगरपुर में आदिवासी एक-दूसरे पर पत्थर फेंककर होली मनाते हैं। इसके दौरान कई लोग घायल हो जाते हैं, लेकिन फिर भी इस विचित्र परंपरा को आज भी निभाया जाता है।
मान्यताओं के अनुसार, जिसको भी पत्थर मार होली के दौरान चोट लगती है, उसपर होलिका का आशीर्वाद बना रहता है।