LOADING...
वियतनाम की महिला को सोना-चांदी, जमीन और नकदी के साथ दहेज में मिलीं 100 सिविट बिल्लियां
दुल्हन को दहेज में मिलीं 100 बिल्लियां

वियतनाम की महिला को सोना-चांदी, जमीन और नकदी के साथ दहेज में मिलीं 100 सिविट बिल्लियां

लेखन सयाली
Jun 06, 2025
07:32 pm

क्या है खबर?

दुनिया के ज्यादातर देशों में शादी होने पर लड़की के परिवार द्वारा दहेज देने की प्रथा निभाई जाती है। वैसे तो यह परंपरा भारत में प्रतिबंधित है, लेकिन यह वियतनाम की संस्कृति का अहम हिस्सा है। आपने यह तो कई बार सुना होगा कि दहेज में लड़की के घर से सोना-चांदी, पैसे, गाड़ी, फर्नीचर और जमीन आदि मिला है। हालांकि, यह अपने आप में पहला मामला है, जब किसी को दहेज में 100 सिविट बिल्लियां दी गई हों।

मामला

बिल्लियों की कुल कीमत 59 लाख से भी ज्यादा

जिस महिला को यह अनोखा दहेज दिया गया उनका नाम सामने नहीं आया है। हालांकि, वह 22 साल की हैं और दक्षिण-पश्चिमी वियतनाम की रहने वाली हैं। उनकी शादी इसी साल के मई महीने में हुई थी और उनके मां-बाप ने उन्हें दहेज में लाखों का सामान दिया था। हैरानी की बात यह थी कि उन्होंने अपनी बेटी को सिविट नस्ल की 100 मादा बिल्लियां भी दी थीं, जिनकी कुल कीमत 59 लाख रुपये से भी ज्यादा है।

दहेज

बिल्लियों के साथ दहेज में दी गईं ये चीजें

माता-पिता ने बिल्लियों के साथ-साथ अपनी बेटी को सोने के 25 बार, 16 लाख रुपये नकद, 9.87 लाख की कीमत वाले कंपनी के शेयर, 7 जमीनें और कई मूल्यवान वस्तुएं भेंट की थीं। इसके बदले में दूल्हे के परिवार ने दुल्हन को सोने के 10 बार, 6 लाख रुपये नकद और हीरे के जेवर दिए थे। दुल्हन के माता-पिता उन्हें इतना दहेज देना चाहते थे, जिसके जरिए वह भविष्य में अच्छे-खासे पैसे कमा सकें।

कारण

बिल्लियां भेंट करने के पीछे क्या था मकसद?

दुल्हन के पिता हांग ची टैम ने कहा कि उनके सभी बच्चों ने पढ़ाई पूरी करने के बाद पारिवारिक व्यवसाय संभाल लिया है। इसीलिए वह चाहते थे कि उनकी बेटी के पास इतनी संपत्ति हो की वह आय उत्पन्न कर सकें। उन्होंने अपनी बेटी को बिल्लियां इसलिए भेंट की, ताकि वह उनके जरिए प्रजनन करवा सकें और पैसे कमा सकें। हालांकि, उनका कहना है कि वह बेटी पर छोड़ते हैं कि वह उन्हें पालना चाहती हैं या बेचना चाहती हैं।

खासियत

क्यों इतनी खास मानी जाती हैं ये बिल्लियां?

वियतनाम में सिविट बिल्लियों को अहम माना जाता है। जन्म देने वाली मादा सिविट बिल्ली की कीमत लगभग 59,234 रुपये हो सकती है, जबकि गर्भवती की कीमत 88,852 रुपये तक जा सकती है। ये बिल्लियां इस कारण से अहम हैं, क्योंकि ये एक खास तरह की कॉफी बनाने में मदद करती हैं। साथ ही इन बिल्लियों के मांस को चीन और वियतनाम में एक शाही भोजन की तरह खाया जाता है और पारंपरिक चिकित्सा में भी इस्तेमाल किया जाता है।

संकट

सोशल मीडिया पर उठा पशु निर्दयता का मुद्दा

100 सिविट बिल्लियों वाले दहेज की खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई है और लोग इसकी निंदा भी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इससे पता चलता है कि पशुओं पर कितनी निर्दयता की जाती है और उन्हें महज पैसे कमाने वाली वस्तु की तरह देखा जाता है। वर्ल्ड एनिमल प्रोटेक्शन इंटरनेशनल के अनुसार, सिविट बिल्लियों को हानिकारक तरीकों से जबरन पकड़ा जाता है और बुरी परिस्थितियों में कैद रखा जाता है।