Page Loader
मनपसंद खाना न मिलने पर यात्री ने विमान में किया हंगामा, मजबूरन करनी पड़ी लैंडिंग
अनियंत्रित यात्री के कारण विमान को शिकागो हवाई अड्डे पर करना पड़ा लैंड (तस्वीर: फ्रीपिक)

मनपसंद खाना न मिलने पर यात्री ने विमान में किया हंगामा, मजबूरन करनी पड़ी लैंडिंग

लेखन गौसिया
Jul 11, 2023
03:18 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के ह्यूस्टन से एम्सटर्डम जाने वाली यूनाइटेड एयरलाइंस के विमान में एक बिजनेस क्लास के यात्री ने हंगामा कर दिया। इस कारण विमान को मजबूरन शिकागो के हवाई अड्डे पर लैंड करना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यात्री को विमान में उसकी पसंद का खाना नहीं मिला था, जिसके कारण उसने हंगामा करना शुरू कर दिया था। आखिर में उस यात्री को शिकागो के हवाई अड्डे पर उतारकर विमान दोबारा एम्स्टर्डम के लिए रवाना हुआ।

मामला

नशे की हालत में यात्री ने खाने को लेकर खड़ा किया हंगामा

द गार्जियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूनाइटेड UA 20 नामक विमान ने ह्यूस्टन के जॉर्ज बुश इंटरकांटिनेंटल हवाई अड्डे से रविवार को शाम 4:20 बजे उड़ान भरी। हालांकि, इसके कुछ देर बाद ही विमान को शिकागो की ओर डायवर्ट करना पड़ा क्योंकि बिजनेस क्लास के यात्री को विमान में उसके पसंद का खाना नहीं मिला था, जिसके कारण उसने हंगामा मचा दिया था। हंगामा करने वाला यात्री नशे में लग रहा था।

हंगामा

विमान ने शिकागो के ऊपर 2 घंटे तक लगाए चक्कर

डायवर्ट करने के बाद विमान ने शिकागो के ऊपर ही लगभग 2 घंटे तक चक्कर लगाये। दरअसल, विमान में ईंधन ज्यादा था, जिसके कारण विमान को लैंड नहीं किया जा सकता था, इसलिए विमान ने कुछ समय तक चक्कर लगाया ताकि ईंधन जल जाए और वह हवाई अड्डे पर लैंड कर सके। इसके बाद विमान ने सुरक्षित रूप से ओ'हारे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड किया, जिसके बाद अनियंत्रित यात्री को विमान से उतार दिया गया।

देरी

हंगामे के कारण विमान की लैंडिंग में हुई देरी

एक बयान में यूनाइटेड एयरलाइंस ने इस मामले को 'अशांति' बताते हुए कहा कि एम्सटर्डम के लिए दोबारा उड़ान जारी रखने से पहले अनियंत्रित यात्री को विमान से उतार दिया गया था। इसके बाद विमान दोबारा एम्सटर्डम के लिए रवाना हो गया। हालांकि, इस हंगामे के कारण विमान अलगे दिन अपने निर्धारित आगमन समय से 3 घंटे बाद, दोपहर के करीब 12:30 बजे एम्सटर्डम के हवाई अड्डे पर लैंड हुआ।

जानकारी

अनियंत्रित यात्री घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी

विमानों में इस तरह की यह पहली घटना नहीं हैं। इससे पहले भी विमान में हंगामा करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के मुताबिक, 2022 में 2021 की तुलना में अनियंत्रित यात्री घटनाओं में 47 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। जानकारी के लिए बता दें कि संघीय उड्डयन प्रशासन अनियंत्रित व्यवहार के लिए यात्रियों पर प्रत्येक उल्लंघन के लिए 30 लाख रुपये तक का जुर्माना लगा सकता हैं।