यूरोप: इंसानी गुलेल से आसमान में उछाले गए 2 एथलीट, बना नया विश्व रिकॉर्ड
क्या है खबर?
आपने बचपन में गुलेल से कंचों-पत्थरों को जरूर उड़ाया होगा। हालांकि, क्या आपने कभी इंसान को आसमान में उछालने वाली गुलेल के बारे में सुना है? ऐसी विशाल गुलेल की मदद से यूरोप में 2 एथलीट को रेडबुल कंपनी ने आकाश में लॉन्च किया, जिससे एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम हो गया है। ये दोनों एथलीट 110 मील प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से हवा में उछले, जिससे इनका नाम सीधा गिनीज बुक में दर्ज हो गया है।
रिकॉर्ड
एक खास प्रोजेक्ट के तहत बनाया रिकॉर्ड
यह रिकॉर्ड बनाने वाले एथलीट का नाम फ्रेडरिक फुगेन और डैनी रोमन है। फ्रेडरिक फ्रांस और डैनी स्पेन के रहने वाले हैं।
रेडबुल के 'ह्यूमन कैटापल्ट' प्रोजेक्ट के लिए, 5 नवंबर को स्लोवेनिया के त्रबोव्ल्ये में एक जंगल के ऊपर दोनों को हवा में उछाला गया था। वे 497 फीट और 9 इंच की कुल ऊंचाई पर पहुंचे और फिर विपरीत दिशाओं में मुड़कर पैराशूट की मदद से नीचे जमीन पर उतर आए।
प्रयास
डैनी ने अकेले भी बनाया रिकॉर्ड
दोनों रिकॉर्ड प्रयास के लिए एफिल टॉवर से भी ऊंची चिमनी से रॉकेट की तरह बाहर निकले थे, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया था। इस जोड़ी को इंसानी गुलेल के जरिए हासिल की गई अब तक की सबसे ज्यादा ऊंचाई के लिए विश्व रिकॉर्ड मिला।
इसके अलावा डैनी ने अकेले भी यह रिकॉर्ड प्रयास किया था, जिसके लिए उन्हें इंसानी गुलेल के जरिए हासिल की गई सबसे ज्यादा ऊंचाई का एक व्यक्तिगत स्तर का रिकॉर्ड मिला।
रेड बुल
कैसे आया इस रिकॉर्ड का विचार?
रेड बुल को इस रिकॉर्ड का विचार 2025 में उनके 'अल्टीमेट एरियल ऑब्सटेकल कोर्स' के बाद आया, जिसमें डैनी और फ्रेड भी शामिल थे। उसमें स्लोवेनिया के एक्रोबैटिक स्टंट इंजीनियरों 'DD स्क्वाड' द्वारा बनाया गया एक गुलेल लॉन्च सिस्टम शामिल था।
इसके सफल इस्तेमाल के बाद, रेड बुल इस तकनीक को और विकसित करना चाहता था, ताकि B.A.S.E. (इमारत, एंटीना, पुल और पृथ्वी) जंप शुरू करने के नए तरीके खोजे जा सकें।
शुरुआत
गुलेल बनाने में लगा काफी समय और मेहनत
शुरुआत में पानी के ऊपर एक छोटी गुलेल से परीक्षण किया गया और बाद में इसे 'अल्टीमेट एरियल ऑब्सटेकल कोर्स' में इस्तेमाल होने वाले 20 फीट की गुलेल के साथ आगे बढ़ाया गया।
बाद में टीम ने इटली के सस पोर्डोई में 40 फीट की गुलेल का परीक्षण किया। इसमें एथलीट को लगभग 4.2 g-फोर्स का सामना करना पड़ा, जो कि एक तेज रफ्तार वाले रोलरकोस्टर के बराबर था।
इसके बाद रिकॉर्ड प्रयास वाली गुलेल बनाई गई।
सफलता
'हाई फाइव' देकर मनाया जश्न
डैनी ने सबसे पहले अकेले प्रयास किया, जिसके दौरान वह 329 फीट और 3 इंच की ऊंचाई तक गए थे। इसके बाद दोनों ने साथ में प्रयास किया, जिसके दौरान दोनों के हेलमेट पर कैमरे लगाए गए थे और पूरा अनुभव उनमें कैद हुआ था।
जमीन पर उतरने पर गिनीज बुक के निर्णायक कार्ल सैविल ने दोनों एथलीट को उनके प्रमाण-पत्र भेंट किए। रिकॉर्ड के दौरान दोनों ने हवा में एक दूसरे को 'हाई फाइव' देकर खुशी जाहिर की थी।