Loading...
70,000 से ज्यादा ड्रोन से जगमगा उठा टेक्सास का आकाश, एरियल शो ने तोड़े विश्व रिकॉर्ड
टेक्सास का 70,000 से ज्यादा ड्रोन वाला एरियल शो (तस्वीर: GBWR)

70,000 से ज्यादा ड्रोन से जगमगा उठा टेक्सास का आकाश, एरियल शो ने तोड़े विश्व रिकॉर्ड

लेखन सयाली
Oct 06, 2026
03:34 pm

क्या है खबर?

ड्रोन छोटे आकार के उड़ने वाले रोबोट होते हैं, जिन्हें दूर से नियंत्रित किया जाता है। इसकी मदद से टेक्सास में 2 नए विश्व रिकॉर्ड कायम किए गए हैं। दरअसल, अमेरिका के टेक्सास के ब्लू रिज में 3 रात कमाल के एरियल शो हुए। इसमें 70,000 से ज्यादा ड्रोन के जरिए तरह-तरह की खूबसूरत एरियल तस्वीरें आकाश में उकेरी गई। यह जगमगाता हुआ सुंदर नजारा देखने लायक था। आइए इन रिकॉर्ड के बारे में विस्तार से जानते हैं।

शो

3 रात लगातार आकाश में दिखे सुंदर चित्र

यह शानदार एरियल शो 3 रात करवाया गया था, जिसे 'स्काई एलिमेंट्स ड्रोन शो' ने 'दामोदा अमेरिका' (ड्रोन निर्माता) के साथ मिलकर आयोजित करवाया था। ये तीनों शो 27 से 30 सितंबर के बीच करवाए गए थे।

टीमों ने एक हफ्ते में सबसे ज्यादा मल्टीरोटर/ड्रोन लॉन्च करने का रिकॉर्ड बनाने के लिए 71,207 ड्रोन का इस्तेमाल किया, जिन्हें देखने वाले दंग रह गए।

ऐसा करके उन्होंने 'एरियल इल्यूमिनेशन्स ड्रोन शो' और 'UVify' का 55,939 ड्रोन वाला पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया।

ड्रैगन

ड्रैगन की तस्वीर ने कायम किया नया विश्व रिकॉर्ड

इसी शो के दौरान ड्रोन की मदद से आग उगलते हुए ड्रैगन की विशाल तस्वीर बनाई गई, जो नीली रोशनी से जगमगा रही थी।

इसके चलते 28 सितंबर को मल्टीरोटर्स/ड्रोन से बनी एक पौराणिक जीव की सबसे बड़ी हवाई प्रदर्शनी का खिताब भी स्काई एलिमेंट्स ड्रोन शो ने दामोदा अमेरिका के नाम दर्ज हुआ।

इस तस्वीर को बनाने के लिए 10,183 अलग-अलग ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था, जिसका नजारा देखते ही बनता था।

ADVERTISEMENT

प्रक्रिया

इस तरह सफल हुआ शो

हर शो में प्रति परफॉर्मेंस लगभग 10,200 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था, जिन्हें संभालना टीम के लिए एक बड़ी चुनौती थी। हालांकि, चीन के शेनजेन से आए कुछ होनहार व्यक्तियों और टीम के अन्य लोगों ने मिलकर यह कर दिखाया।

शो का आयोजन कम आबादी वाले इलाके के एक फार्म पर किया गया था। गिनीज बुक के जज माइकल एम्प्रिक वहां मौजूद थे, ताकि वह रिकॉर्ड की पुष्टि कर सकें।

खराब मौसम के बाद भी रिकॉर्ड प्रयास पूरा हुआ।

ADVERTISEMENT

अन्य रिकॉर्ड

स्काई एलिमेंट्स ने पहले भी बनाए हैं कमाल के रिकॉर्ड

स्काई एलिमेंट्स ड्रोन शो ने पहले भी कई गिनीज बुक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किए हैं। 4,981 मल्टीरोटर्स/ड्रोन से जिंजरब्रेड विलेज की तस्वीर बनाने और 4,979 ड्रोन से काल्पनिक किरदार का सबसे बड़ा हवाई प्रदर्शन करने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है।

उन्होंने काउबॉय हैट की सबसे बड़ी हवाई तस्वीर (519 ड्रोन) और बिना पायलट वाले हवाई वाहनों (UAVs) द्वारा किया गया सबसे लंबा एनिमेशन, जो 30 मिनट तक चला का रिकॉर्ड भी कायम किया है।

ADVERTISEMENT