LOADING...
2 घंटे तक बर्फ में दबा रहा यह स्विस व्यक्ति, साहस के जरिए बनाया विश्व रिकॉर्ड 
रिकॉर्ड बनाने के लिए बर्फ में दबा रहा व्यक्ति

2 घंटे तक बर्फ में दबा रहा यह स्विस व्यक्ति, साहस के जरिए बनाया विश्व रिकॉर्ड 

लेखन सयाली
Jun 10, 2025
11:01 am

क्या है खबर?

बर्फ में खेलना और बर्फबारी देखना तो सभी को अच्छा लगता है। हालांकि, ज्यादा देर तक बर्फ में खड़े रहने से शरीर बुरी तरह कांपने लग जाता है। ऐसे में बर्फ की चादर तले लेटे रहना तो असंभव-सा लगता है। हालांकि, यूरोप के स्विट्जरलैंड का रहने वाला एक व्यक्ति पूरे 2 घंटे तक बर्फ में दबा रहा। यह साहस भरा काम करके उन्होंने विश्व रिकॉर्ड कायम किया है और पूरी दुनिया में अपना नाम कर लिया है।

रिकॉर्ड

मेयर के नाम दर्ज हुआ यह रिकॉर्ड

स्विट्जरलैंड के अंडरमैट शहर में नवंबर से लेकर अप्रैल तक भारी बर्फबारी देखने को मिलती है। इसी का फायदा उठाते हुए इलियास मेयर ने एक नया रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया। इस शहर के पहाड़ों पर हल्की-हल्की बर्फ गिर रही थी और मेयर बर्फ के नीचे दबे हुए थे। उन्होंने 2 घंटे तक बर्फ में दबे रहकर 'बर्फ के साथ सीधे संपर्क में बिताए गए सबसे लंबे समय' का विश्व रिकॉर्ड बना डाला।

मेयर

कैसे मिली रिकॉर्ड बनाने की प्रेरणा?

मेयर पेशे से बॉडी बिल्डर हैं, लेकिन जीवन में कुछ बड़ा करने का सपना देखते थे। वह 3 डिग्री सेल्सियस वाली बर्फीली हवाओं को सहन कर लेते हैं और उन्हें बर्फ से होने वाले फ्रॉस्ट बाईट की आदत है। वह लोगों को दिखाना चाहते थे कि उनका शरीर अविश्वसनीय चीजें करने के लिए सक्षम है। उन्होंने पिछले साल इस रिकॉर्ड के बारे में पढ़ा और जाना कि अब तक कोई भी 2 घंटे तक बर्फ में दबा नहीं रहा है।

प्रयास

केवल शॉर्ट्स पहन कर पूरा किया रिकॉर्ड

2022 में पोलैंड के वेलेर्जन रोमानवोस्की ने यह रिकॉर्ड बनाया था, जब वह 1:45:02 तक बर्फ में दबे रहे थे। यह जानने के बाद मेयर तैयारियों में जुट गए और नग्न हो कर बर्फ के तले दबने के लिए निकल पड़े। उन्होंने केवल तैराकी वाले शॉर्ट्स पहन रखे थे और एक तौलिया साथ रखा था। 2 अप्रैल को वह सड़क किनारे बर्फ पर लेट गए और उनके प्रियजनों ने उन पर बर्फ डालनी शुरू कर दी।

विवरण

रिकॉर्ड के दौरान आराम से लेटे रहे मेयर 

मेयर के प्रियजन उनपर फावड़े की मदद से बर्फ डाल रहे थे और वह बिना किसी शिकन के लेटे हुए थे। कुछ ही देर में उनके पूरे शरीर पर बर्फ का एक ढेर बन गया था, जिसकी ऊंचाई एक मीटर से भी ज्यादा थी। पीछे से देखने पर उनका शरीर पूरी तरह बर्फ से ढका हुआ था और केवल उनका चेहरा ही दिखाई दे रहा था। वह पूरे प्रयास के दौरान तौलिया पर सिर रखकर लेटे रहे।

गिनीज बुक

मेयर ने जताई रिकॉर्ड पूरा होने की खुशी

जब स्टॉप वाच पर 2:00:07 का समय दिखाई देने लगा, तब मेयर बर्फ के ढेर से कांपते हुए बाहर आए। उन्होंने पिछले रिकॉर्ड को सफलतापूर्वक तोड़ दिया और गिनीज बुक में अपना नाम शामिल कर लिया। उन्होंने रिकॉर्ड पूरा करने के बाद कहा, "भारी बर्फ ने मुझे नीचे दबा दिया, जिससे मेरे कंधे और कोहनी में दर्द होने लगा। हालांकि, मैं बहुत आभारी हूं, हर चीज के लिए आभारी।" मेयर ने कहा कि अभी आगे बहुत कुछ देखना बाकी है।