Page Loader
अमेरिका: 1951 में अपहरण किया गया बच्चा 73 साल बाद घर लौटा, जानिए कैसे हुआ चमत्कार
73 साल पहले अगवा हुआ व्यक्ति अब जाकर अपने परिवार से मिला

अमेरिका: 1951 में अपहरण किया गया बच्चा 73 साल बाद घर लौटा, जानिए कैसे हुआ चमत्कार

लेखन सयाली
Sep 23, 2024
02:41 pm

क्या है खबर?

अपने परिवार के किसी सदस्य को खो देना जीवन का सबसे बड़ा दुःख होता है। जब किसी परिवार का बच्चा अगवा हो जाता है, तो वह आसानी से नहीं मिलता। कई खोए हुए लोग तो जीवनभर लापता रहते हैं और उनका परिवार उनके मिलने की आस भी छोड़ देता है। हालांकि, अमेरिका से एक भावुक करने वाली कहानी सामने आई है, जिसमें 6 साल की उम्र में अपहरण किया व्यक्ति करीब 73 साल बाद अपने घर लौट आया है।

मामला

चॉकलेट का लालच देकर किया था बच्चे का अपहरण

इस व्यक्ति का नाम लुइस आर्मंडो एल्बिनो है, जिनका 21 फरवरी, 1951 को कैलिफोर्निया के वेस्ट ओकलैंड के एक पार्क से महज 6 साल की उम्र में अपहरण कर लिया गया था। वह अपने 10 साल के भाई रॉजर के साथ पार्क में खेल रहे थे। खेलते-खेलते पार्क में मौजूद एक अज्ञात महिला ने लुइस को चॉकलेट दिलाने का लालच दिया और बेहला-फुसलाकर अपरहण कर लिया था। बाद में उन्हें न्यूयॉर्क के एक जोड़े ने गोद ले लिया था।

केस

FBI की टीम भी लुइस को ढूंढने में हुई थी नाकाम

लुइस का अपहरण किए जाने के बाद उनके परिवार वालों ने परेशान होकर पुलिस को सूचना दी थी। उस वक्त पुलिस की टीम, सेना के जवानों और यहां तक की FBI की टीम ने भी उन्हें तलाशने की कोशिश की थी। हालांकि, 7 दशक बीत जाने के बाद भी उनका पता नहीं लगाया जा सका था। इतने साल बीत जाने के बाद भी लुइस के परिवार ने उनके मिलने की आस नहीं छोड़ी और वे उन्हें रोज याद करते रहे।

तलाश

लुइस की भतीजी ने अपने चाचा को ढूंढ निकाला

लुइस की मां ने अपने बेटे से मिलने की आस जीवनभर बरकरार रखी थी। हालांकि, वह उनसे मिले बिना ही 2005 में चल बसी थीं। इसके बाद लुइस की 63 साल की भतीजी एलिडा एलेक्विन ने अपने चाचा को किसी भी हाल में खोज निकालने का फैसला किया था। ओकलैंड की रहने वाली एलिडा ने DNA परीक्षण, समाचार पत्रों, ओकलैंड पुलिस विभाग, FBI और न्याय विभाग से मदद लेकर लुइस को ढूंढा और उन्हें उनके बिछड़े हुए परिवार से मिलवाया।

मिलाप

बिछड़े भाइयों ने मिलते ही एक दूसरे को गले से लगाया 

एलिडा ने बताया की लुइस ने उनसे मिलते ही उन्हें गले लगाया और कहा, "मुझे ढूंढने के लिए शुक्रिया।" एलिडा अपनी मां और लुइस को लेकर रॉजर के घर गईं थीं, जहां पूरा परिवार बेहद भावुक हो गया था। 73 साल से बिछड़े भाइयों ने मिलते ही एक दूसरे को गले लगाया और घंटों तक बातें कीं। इस साल के अगस्त महीने में रॉजर का निधन हो गया था। हालांकि, उनका अपने छोटे भाई से मिलने का सपना पूरा हुआ।

लुइस

अमेरिका में ऐसा रहा है लुइस का जीवन 

6 साल की उम्र में लापता हुए लुइस की उम्र अब 79 साल हो गई है। वह पिता के साथ-साथ दादा भी बन चुके हैं और अमेरिका के पूर्वी तट पर अपने बच्चों के साथ रहते हैं। एलिडा ने बताया कि लुइस एक सेवानिवृत्त फायरफाइटर और नौसेनिक थे, जिनकी पोस्टिंग वियतनाम में थी। वह अपने परिवार से दोबारा मिलकर बेहद खुश हैं, लेकिन वह मीडिया के सामने नहीं आना चाहते हैं।