Loading...
ये व्यक्ति रातों-रात बना करोड़पति, सालों पुराने पोकेमोन कार्ड 19 करोड़ में बिके
व्यक्ति पोकेमोन कार्ड्स बेचकर बना करोड़पति

ये व्यक्ति रातों-रात बना करोड़पति, सालों पुराने पोकेमोन कार्ड 19 करोड़ में बिके

लेखन सयाली
Oct 23, 2026
05:29 pm

क्या है खबर?

कई बार हमारे घर में रखी कबाड़ समझी जाने वाली चीजें हमारी किस्मत के ताले खोल देती हैं। ऐसा ही कुछ इंग्लैंड के एक रिटायर हो चुके घर सजाने वाले व्यक्ति के साथ हुआ। उनके सालों से जमा किए जाने वाले पोकेमोन कार्ड के एक संग्रह ने उन्हें रातों-रात करोड़पति बना डाला। जिन कार्ड को उन्होंने महज शौक के लिए जमा किया था, उनकी बदौलत आज वह 19 करोड़ रुपये के मालिक बन गए हैं।

मामला

अखबार पढ़कर पता चला कार्ड का मूल्य

इस व्यक्ति का नाम गुप्त रखा गया है। बीबीसी के मुताबिक, उनका पोकेमोन कार्ड वाला संग्रह पिछले 15 सालों से उनकी अटारी में रखा धूल खा रहा था।

उन्होंने बताया कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि ये कार्ड इतने कीमती हैं, जब तक कि उन्होंने अपने स्थानीय अखबार में यह नहीं पढ़ा कि ऐसा एक कार्ड 7 लाख रुपये से ज्यादा की कीमत पर बिकता है।

बस फिर क्या था, उन्होंने अपने संग्रह को बेचने का फैसला किया।

नीलामी

इस बिक्री ने तोड़े पिछले रिकॉर्ड

उनके संग्रह को बुधवार को सरे में 'यूबैंक ऑक्शन' नाम के नीलामीघर द्वारा नीलाम किया गया। इसे कुल 19 करोड़ रुपये से अधिक कीमत पर बेचा गया।

नीलामीघर को उम्मीद थी कि इन कार्ड्स की कीमत 3 करोड़ रुपये तक जा सकती है। हालांकि, ये कई गुना ज्यादा कीमत पर बिके हैं।

नीलामी घर के मुताबिक, यह यूनाइटेड किंगडम (UK) में अब तक की सबसे महंगी ट्रेडिंग कार्ड बिक्री थी और एक यूरोपीय रिकॉर्ड भी हो सकता है।

ADVERTISEMENT

कार्ड

इस तरह शुरू हुआ पोकेमोन कार्ड जमा करना

संग्रह को बेचने वाले व्यक्ति ने कहा, "मुझे पता है कि लोग अक्सर अटारी में खजाना मिलने की बातें करते हैं, लेकिन मेरे मामले में यह सच हुआ।"

उन्होंने बताया कि 1990 के दशक में, जब उनका बेटा छोटा था तो उसके स्कूल में कार्ड लेना और उनकी अदला-बदली करना आम था। धीरे-धीरे उनके बेटे की पोकेमोन में दिलचस्पी खत्म हो गई और उन्होंने इन कार्ड को बिंडर्स में संभालकर रख दिया।

ADVERTISEMENT

बयान

41 सेट की हुई नीलामी

उन्होंने ईबे पर मलेशिया के किसी व्यक्ति से कुछ पोकेमोन कार्ड के पूरे सेट भी खरीदे थे। उन्होंने अपने संग्रह को 'पोकेमोन: मास्टर्स का एक दशक (1999-2009)' नाम दिया।

नीलामीघर में ट्रेडिंग कार्ड्स के प्रमुख जेम्स स्पूनर ने कहा, "टीम कार्ड्स की गुणवत्ता देखकर और यह सुनकर हैरान रह गई कि मालिक को उनकी असली कीमत पता ही नहीं थी।"

42 सेट में से 41 को बेचा गया और एक को उनके मालिक ने अपने पास रखने का फैसला किया।

ADVERTISEMENT