Page Loader
बिहार में जन्मी 4-4 हाथ-पैर और 2 दिल वाली विचित्र बच्ची, 20 मिनट बाद हुई मौत
बिहार में विचित्र बच्ची का हुआ जन्म (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बिहार में जन्मी 4-4 हाथ-पैर और 2 दिल वाली विचित्र बच्ची, 20 मिनट बाद हुई मौत

लेखन गौसिया
Jun 13, 2023
06:18 pm

क्या है खबर?

बिहार के सारण जिले में एक महिला ने गत सोमवार की रात को एक विचित्र बच्ची को जन्म दिया। इस बच्ची का शरीर सामान्य बच्चियों से बिल्कुल अलग था। नवजात बच्ची के 4 हाथ, 4 पैर, 4 कान, 2 दिल, 2 रीढ़ की हड्डी और 1 सिर था। इस तरह के विचित्र बच्चे को देखकर अस्पताल के कर्मचारी भी चकित रह गए। हालांकि, दुख की बात है कि बच्ची ज्यादा समय तक जीवित नहीं रह पाई।

मामला

क्या है मामला?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, छपरा शहर के श्यामचक में स्थित एक नर्सिंग होम में प्रिया देवी नामक एक महिला ने इस बच्ची को जन्म दिया। इस बच्ची के 4-4 हाथ-पैर, 2 दिल और रीढ़ की हड्डी और 1 सिर था। जैसे ही यह खबर अस्पताल के लोगों को पता चली तो इस बच्ची को देखने के लिए वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। हालांकि, जन्म लेने के महज 20 मिनट के अंदर बच्ची की मौत हो गई।

दुर्लभ स्थिति

इस दुर्लभ स्थिति को क्या कहा जाता है?

डॉक्टरों की मुताबिक, इस तरह की स्थिति को 'कॉन ज्वाइन ट्वीन' कहा जाता है। इसमें बच्चे जन्म से ही एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं, लेकिन बाद में ऑपरेशन करके उन्हें अलग कर दिया जाता है। वहीं इस मामले में अस्पताल के संचालक डॉ अनिल कुमार ने मीडिया से बता करते हुए बताया कि यह स्थिति ट्विन डिसऑर्डर की है और ऐसा बहुत कम लोगों में देखने को मिलता है।

प्रक्रिया

कब होती है ऐसी दुर्लभ स्थिति?

डॉक्टर के मुताबिक, ऐसी स्थित तब होती है, जब महिला के गर्भाशय में एक ही अंडे से 2 बच्चे बनते हैं। इस प्रक्रिया में समय रहते दोनों अलग हो जाते हैं तो जुड़वां बच्चे पैदा होते हैं, लेकिन अगर दोनों अलग नहीं हो पाते तो इस स्थिति में कॉन ज्वाइन ट्वीन बच्चों का जन्म होता है। ऐसे बच्चों को जन्म देनी वाली महिलाओं का काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

जानकारी

कैसी है विचित्र बच्ची को जन्म देने वाली मां की स्थिति?

अनोखी बच्ची को जन्म देने वाली प्रिया का यह पहला बच्चा था, इसलिए डिलीवरी को लेकर परिजन काफी परेशान थे। जांच के बाद बच्ची की डिलीवरी ऑपरेशन से करवाई गई क्योंकि नॉर्मल डिलीवरी में प्रिया की जान भी जा सकती थी। फिलहाल प्रिया स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है, लेकिन बच्ची की मृत्यु से सभी बेहद परेशान और दुखी हैं।