प्राडा ने निकाला नया 'चाय' वाला परफ्यूम, एक बोतल की कीमत 17,000 रुपये से ज्यादा
क्या है खबर?
प्राडा जैसा लक्जरी ब्रांड पिछले कुछ समय से भारतीय संस्कृति से काफी प्रेरित हो रहा है। पहले इटली की इस कंपनी ने कोल्हापुरी चप्पल लांच की थी और अब एक खास खुशबु वाला परफ्यूम निकाला है। दरअसल, प्राडा ने चाय वाला परफ्यूम बनाया है, जो भारतियों के साथ-साथ विदेशियों का भी दिल जीत रहा है। इस कदम से हर देशवासी का पसंदीदा पेय एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। आइए इसके बारे में जानें।
परफ्यूम
क्या है इस परफ्यूम की खासियत?
प्राडा ने तब पूरी दुनिया को चौका दिया जब उसने अपने नए 'इन्फ्यूजन डे सैंटल चाय' परफ्यूम को लांच किया। यह परफ्यूम चाय की मसालेदार सुगंध को लक्जरी फैशन का हिस्सा बना रहा है। इसे पुरुष और महिलाएं, दोनों लगा सकते हैं और इसमें चाय के नोट्स के साथ चंदन की मनमोहक खुशबु भी शामिल है। साथ ही आपको इसमें खट्टे फल, इलायची और कस्तूरी की सुगंध भी मिल जाएगी।
दाम
कितनी है इस परफ्यूम की कीमत?
प्राडा एक बड़ा ब्रांड है, लिहाजा उसके हर उत्पाद का दाम ज्यादा होता है। ऐसे में लाजमी था कि चाय वाला परफ्यूम भी उच्च कीमत पर ही बिकेगा। इसकी 100 मिलीलीटर की बोतल की कीमत करीब 17,000 रुपये है और बोतल का रंग हल्का भूरा है। प्राडा ने अपनी वेबसाइट पर लिखा, " यह एक वुडी और मिल्की खुशबू है, जिसमें चंदन के क्रीमी नोट्स, एक मसालेदार चाय अकॉर्ड, ताजा सिट्रस और आरामदायक मस्क शामिल हैं।"
प्रतिक्रिया
यह परफ्यूम बन गया चर्चा का विषय
प्राडा के इस परफ्यूम ने भारत के लोगों को खुश कर दिया है। कुछ लोग सोशल मीडिया पर इस उत्पाद की सराहना करते नहीं थक रहे हैं तो कई इसे रणनीतिक कदम बता रहे हैं। लोगों को खुशी इस बात की है कि इतना बड़ा अंतरराष्ट्रीय ब्रांड हमारी देसी चाय को खास ढंग से मान्यता दे रहा है। हालांकि, कई लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि चाय की खुशबु वाला परफ्यूम वाकई कोई लगाना भी चाहेगा या नहीं।
चाय
पश्चिमी देश कैसे करते हैं चाय की व्याख्या?
भारत में चाय एक ताजगी देने वाला पेय है, जो अब एक भावना बन चुका है। हालांकि, पश्चिमी देश इसे पेय के बजाय खाना बनाने के एक तरीके की तरह देखते हैं। इन देशों के कैफे आदि में चाय लाटे मिलती है, जो दूध और मीठे चाय वाले सिरप या पाउडर का मिश्रण होता है। इसका स्वाद पारंपरिक चाय से कम मसालेदार और ज्यादा क्रीमी होता है और वहां इसे ठंडा भी परोस दिया जाता है।