Page Loader
प्रादा ने फैशन-शो में प्रदर्शित की 'कोल्हापुरी चप्पल' जैसी सैंडल, लोग बोले- और कितनी नकल करोगे?
प्रादा के फैशन शो में दिखीं कोल्हापुरी चप्पल

प्रादा ने फैशन-शो में प्रदर्शित की 'कोल्हापुरी चप्पल' जैसी सैंडल, लोग बोले- और कितनी नकल करोगे?

लेखन सयाली
Jun 23, 2025
03:12 pm

क्या है खबर?

प्रादा इटली का एक लक्जरी फैशन ब्रांड है, जिसकी लोकप्रियता पूरी दुनिया में फैली हुई है। हालांकि, यह मशहूर फैशन हाउस भी भारत की नकल करने में पीछे नहीं हटा। दरअसल, इस ब्रांड ने अपने 2026 के स्प्रिंग-समर के पुरुषों वाले कलेक्शन में हमारी सदियों पुरानी 'कोल्हापुरी चप्पल' को प्रदर्शित किया है। हालांकि, भारतीय इसपर खुशी के बजाय गुस्सा जता रहे हैं, क्योंकि यह पश्चिमी देशों का हमारे फैशन को अपना बताकर बेचने का नया तरीका है।

मामला

कैसे उजागर हुआ यह पूरा मामला?

सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट अनाइता श्रॉफ अदजानिया ने प्रादा के फैशन शो का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था। उसमें पुरुष मॉडल रंग-बिरंगे कपड़ों के साथ पैरों में कोल्हापुरी चप्पल पहने दिखाई दिए। अनाइता के साथ-साथ आम लोगों का ध्यान भी इसी बात पर गया कि यह तो हमारी सांस्कृतिक धरोहर और पहनावे की एक और नकल है। बड़ी बात यह है कि प्रादा ने भी अन्य ब्रांड की तरह इन चप्पलों का श्रेय भारत को नहीं दिया।

फैशन शो

अजीबो-गरीब कपड़ों के साथ स्टाइल की गईं कोल्हापुरी चप्पल

इस फैशन शो का आयोजन 22 जून को मिलान के फोंडाजियोन प्रादा डेपोजिटो में करवाया गया था। इस पूरे संग्रह के डिजाइनर मिउकिया प्रादा और राफ सिमंस थे। उन्होंने अपने इस फैशन शो को 'दृष्टिकोण में परिवर्तन- अर्थ का विघटन और सत्ता का विघटन' नाम दिया था। यह फैशन शो आम लोगों के लिए नहीं था, क्योंकि इसमें बेहद अतरंगी कपड़े दिखाए गए थे। हालांकि, इसका मुख्य आकर्षण भारतीय कोल्हापुरी चप्पल ही रहीं।

चप्पल

कोल्हापुरी चप्पल की कार्बन कॉपी?

वैसे तो प्रादा ने यह कहा है कि उन्होंने लाइन-अप में कोल्हापुरी चप्पल प्रदर्शित की हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही चप्पल हू-ब-हू उनकी तरह दिखती हैं। इन चप्पलों का तलवा चपटा और भूरे रंग का है। इनमें गोल रिंग लगी हुई हैं, जो पैर के अंगूठों में जाती हैं। चप्पलों पर कोल्हापुरी चप्पल जैसी पट्टियां भी लगाई गई हैं। इन्हें देखकर ऐसा लगता है मानो डिजाइनर इन्हें सीधे भारत की स्ट्रीट वाली दुकानों से खरीदकर ले गए हों।

नकल

पश्चिमी देश क्यों कर रहे हैं हमारे पहनावों की नकल?

पिछले कई महीनों से पश्चिमी डिजाइनर भारतीय कपड़ों को अपना बताकर वैश्वीकृत करने की कोशिश कर रहे हैं। पहले उन्होंने हमारे दुप्पट्टे की नकल की और उसे 'स्कैंडेनेवियन स्कार्फ' का नाम दे दिया। इसके बाद उन्होंने हमारी साड़ी को भी नहीं छोड़ा और उससे मिलता-जुलता गाउन बना दिया। अब प्रादा ने कोल्हापुरी चप्पल की नकल कर डाली। पश्चिमी देश भारतीय फैशन को स्वीकार नहीं करना चाहते, लेकिन हमारे सदियों पुराने पहनावों को अपना बताकर बेचना जरूर चाहते हैं।

प्रतिक्रिया

भारतियों ने दीं अपनी मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

प्रादा के इस फैशन शो को लेकर भारतीय बेबाकी से अपनी राय और प्रतिक्रियाएं व्यक्त कर रहे हैं। कुछ इसपर अपना गुस्सा जता रहे हैं तो कुछ मजाकिया अंदाज में प्रादा की हंसी उड़ा रहे हैं। एक उपयोगकर्ता ने कहा, "हमारे दादाजी के पास भी ऐसी ही चप्पल हुआ करती थी।" वहीं, अन्य ने कहा, "ब्रांड कितनी आसानी से हमारी पहचान को खत्म करने की कोशिश कर देते हैं और सोचते हैं कि ऐसा करना ठीक है।"