LOADING...
मैथ्यू पेरी की 'फ्रेंड्स' की स्क्रिप्ट और बैटमैन घड़ी जैसी वस्तुएं होंगी नीलाम, जानें अनुमानित कीमत
मैथ्यू पेरी और फ्रेंड्स मेमोरियल की वस्तुएं होंगी नीलाम

मैथ्यू पेरी की 'फ्रेंड्स' की स्क्रिप्ट और बैटमैन घड़ी जैसी वस्तुएं होंगी नीलाम, जानें अनुमानित कीमत

लेखन अंजली
May 07, 2026
01:13 pm

क्या है खबर?

मैथ्यू पेरी अमेरिकी-कनाडाई अभिनेता और निर्माता थे, जिन्हें मुख्य रूप से टीवी सिटकॉम 'फ्रेंड्स' में चैंडलर बिंग की भूमिका के कारण अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली। 54 वर्षीय मैथ्यू का साल 2023 को लॉस एंजिल्स में निधन हो गया था, लेकिन अगर आप मैथ्यू के प्रशंसक हैं तो उनसे जुड़ी यादगार वस्तुओं को आगामी नीलामी में शामिल होकर अपना बना सकते हैं। नीलामी में मैथ्यू की वस्तुओं में 'फ्रेंड्स' की स्क्रिप्ट से लेकर बैंक्सी की मूल कलाकृति शामिल हैं।

नीलामी

कहां होगी नीलामी?

मैथ्यू की संपत्ति से कई अनमोल वस्तुओं को एक चैरिटी नीलामी में बेचा जा रहा है, जिनकी कीमत 8 लाख डॉलर से अधिक (7 करोड़ रुपये से ज्यादा) होने की उम्मीद है। वस्तुओं की नीलामी अमेरिका के शहर डलास में स्थित हेरिटेज नामक नीलामीघर द्वारा आयोजित की गई है, जिससे मैथ्यू पेरी फाउंडेशन को लाभ होगा। इस फाउंडेशन की स्थापना मैथ्यू की मृत्यु के बाद लोगों को नशे की आदत से मुक्ति दिलाने के लिए की गई थी।

फाउंडेशन

नीलामी से मैथ्यू के फाउंडेशन को होगा फायदा

इस नीलामी से अभिनेता के प्रशंसकों को टेलीविजन इतिहास का एक हिस्सा अपने पास रखने का दुर्लभ अवसर मिलेगा। नीलामीघर की अधिकारियों का कहना है कि मैथ्यू ने अपने जीवन का अधिकांश समय नशे की लत से जूझते हुए बिताया और उनके नाम पर स्थापित संस्था उनकी इस मान्यता को आगे बढ़ा रही है कि नशे की लत का इलाज निंदा नहीं करूणा के साथ किया जाना चाहिए और इस नीलामी के जरिए ऐसा किया जा सकता है।

Advertisement

वस्तुएं

नीलामी में शामिल वस्तुएं

इस नीलामी में 'फ्रेंड्स' पायलट स्क्रिप्ट शामिल है, जिस पर मैथ्यू समेत उनके सह-कलाकरों के हस्ताक्षर हैं। इसके अतिरिक्त नीलामी में मैथ्यू की 26 निजी स्क्रिप्ट का एक बंडल, स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड, बैंक्सी की मूल कलाकृति, बैटमैन घड़ी, कस्टम बैटमैन पिंग-पोंग टेबल और फ्रेम में लगे हस्तलिखित गीत आदि भी शामिल हैं। नीलामी 5 जून को हेरिटेज नीलामीघर के डलास शोरूम में होगी, जबकि इससे पहले वस्तुएं 18 से 29 मई तक बेवर्ली हिल्स में प्रदर्शित की जाएंगी।

Advertisement

अन्य नीलामी

100 साल पुराने दुर्लभ फूलदान ने तोड़े नीलामी के रिकॉर्ड

पिछले महीने अप्रैल में एक 100 साल पुराने मूरक्रॉफ्ट के फूलदान की नीलामी हुई है, जो 53 लाख रुपये में बिका है। इस नीलामी का आयोजन इंग्लैंड के कोट्सवोल्ड स्थित किंगहैम्स नामक नीलामीघर ने करवाया था। माना जाता है कि इस दुर्लभ फूलदान को किसी प्रदर्शनी के लिए बनाया गया था। यह 53 लाख रुपये से अधिक में नीलाम हुआ और 40 लाख रुपये में बिकने वाले एक फूलदान के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ने में कामयाब रहा।

Advertisement