पाकिस्तान दौरे पर जाएगी ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम, इस महीने खेलेगी 3 मैचों की वनडे सीरीज
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज का ऐलान किया है। सीरीज का पहला मुकाबला 30 मई को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 2 जून और तीसरा वनडे 4 जून को लाहौर में आयोजित होगा। ऑस्ट्रेलिया 2022 के बाद पहली बार पाकिस्तान में द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलने आएगी। पिछली बार पाकिस्तान ने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था।
पिछली सीरीज
2022 वनडे और 2026 टी-20 सीरीज में पाकिस्तान रहा था भारी
ऑस्ट्रेलिया ने मार्च-अप्रैल 2022 में पाकिस्तान का दौरा किया था, जहां दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी। उस सीरीज में पाकिस्तान ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। वहीं, इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज भी खेली थी। लाहौर में हुई उस सीरीज में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।
टकराव
IPL प्लेऑफ के कारण नहीं खेलेंगे ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख खिलाड़ी?
पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज का यह कार्यक्रम IPL 2026 के प्लेऑफ चरण से टकरा रहा है। IPL का लीग चरण 24 मई को खत्म होगा, जबकि फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती टीम में कई प्रमुख खिलाड़ी उपलब्ध नहीं रहेंगे। हालांकि, जिन खिलाड़ियों की टीमें प्लेऑफ में नहीं पहुंचेंगी, वे पहले वनडे तक भारत से सीधे पाकिस्तान पहुंच सकते हैं।