Page Loader
मूर्तिकार लुईस बोर्जियस की 'मकड़ी की मूर्ति' 327 करोड़ रुपये में हो सकती है नीलाम, जानें
मकड़ी की मूर्ति करोड़ों रुपये में हो सकती है नीलाम

मूर्तिकार लुईस बोर्जियस की 'मकड़ी की मूर्ति' 327 करोड़ रुपये में हो सकती है नीलाम, जानें

लेखन गौसिया
Apr 27, 2023
07:28 pm

क्या है खबर?

फ्रांसीसी-अमेरिकी मूर्तिकार लुईस बोर्जियस भले ही अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन वह अपनी मूर्तिकला, रेखाचित्रों और प्रिंटों के लिए आज भी जानी जाती हैं। बोर्जियल द्वारा 1999 में बनाई गई 'मामन' नामक मकड़ी की विशाल मूर्ति को न्यूयॉर्क में सोथबी की नीलामी में शामिल किया गया है। इसके बाद से ही ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि यह प्रतिष्ठित मूर्ति लगभग 327 करोड़ रुपये में बिककर एक या उससे अधिक रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

आकार

विशाल मूर्ति का आकार क्या है?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्जियस द्वारा बनाई गई मकड़ी की यह मूर्ति कांस्य, स्टेनलेस स्टील और संगमरमर की विशाल मूर्ति है। यह 10 फीट से अधिक ऊंची और 18 फीट चौड़ी है। इस मूर्ति को 6 मई को सोथबी के मुख्यालय में प्रदर्शित किया जाएगा और फिर 18 मई को इसकी नीलामी होगी। यह मूर्ति बेहद खास है, इसलिए सभी को अनुमान है कि इसकी नीलामी अन्य रिकॉर्ड को तोड़ सकती है।

जानकारी

किसी महिला द्वारा बनाई गई सबसे महंगी मूर्ति बन सकती है मामन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर इस मूर्ति की कीमत अनुमान से कम रहती है तो भी यह बोर्जियस के लिए एक नया नीलामी रिकॉर्ड बना सकती है। मौजूदा रिकॉर्ड 2.8 करोड़ डॉलर (लगभग 229 करोड़ रुपये) का है। यह रिकॉर्ड मई, 2019 में बोर्जियस की ही एक मूर्ति ने बनाया था। अगर मूर्ति अनुमान के आसपास या उससे अधिक की बिकती है तो यह किसी महिला द्वारा बनाई गई सबसे महंगी कलाकृति बन सकती है।

मौजूदा रिकॉर्डधारक

वर्तमान समय में किसके नाम है रिकॉर्ड?

वर्तमान समय में यह रिकॉर्ड अमेरिका की कलाकार जॉर्जिया ओ'कीफ की पेंटिंग 'जिमसन वीड' के नाम है। इसे वॉलमार्ट के संस्थापक सैम वाल्टन की इकलौती बेटी एलिस वाल्टन ने 2014 में 4,440 करोड़ डॉलर (लगभग 36.3 करोड़ रुपये) में खरीदा था। सोथबी के मुताबिक, बोर्जियस की मकड़ी की मूर्ति की पेशकश ब्राजीलियाई बैंक इटाउ यूनिबेंको की गैर-लाभकारी शाखा द्वारा की जा रही है, जिसे 'फंडाकाओ इटाउ' के नाम से जाना जाता है।

बयान

समकालीन कला के प्रमुख ने मकड़ी की मूर्ति के बारे में क्या कहा?

सोथबी के समकालीन कला के प्रमुख डेविड गैल्परिन ने कहा, "मकड़ी की मूर्ति एक वैश्विक प्रतीक बन गई है। अब यह न केवल आधुनिक मूर्तिकला का प्रतिमान है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समकालीन संस्कृति में एक बड़ी प्रतीकात्मक उपस्थिति दर्ज करा चुकी है।" बता दें कि बोर्जियस की मूर्तियों को प्रमुख सांस्कृतिक संस्थानों पर देखा जा सकता है। इनमें बिलबाओ का गुगेनहाइम संग्रहालय, न्यूयॉर्क का दीया आर्ट फाउंडेशन, ओटावा की राष्ट्रीय गैलरी और लंदन का टेट मॉडर्न संग्रहालय शामिल है।