Page Loader
लंदन: अफ्रीकी-ब्रिटिश व्यक्ति ने ISKCON के शाकाहारी रेस्टोरेंट में खाया नॉनवेज, फूटा लोगों का गुस्सा 
युवक ने ISKCON के शाकाहारी रेस्टोरेंट में खाया मुर्गा (तस्वीर: एक्स/@ssaratht)

लंदन: अफ्रीकी-ब्रिटिश व्यक्ति ने ISKCON के शाकाहारी रेस्टोरेंट में खाया नॉनवेज, फूटा लोगों का गुस्सा 

लेखन सयाली
Jul 20, 2025
05:49 pm

क्या है खबर?

अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (ISKCON) एक हिंदू धार्मिक संगठन है, जिसमें शामिल लोग सर्वोच्च देवता के रूप में भगवान कृष्ण की भक्ति करते हैं। इस संगठन से जुड़े श्रद्धालु शाकाहारी भोजन करते हैं और सादा जीवन व्यतीत करते हैं। लंदन के ISKCON के शाकाहारी गोविंद रेस्टोरेंट से अब एक हैरान करने वाला वीडियो सामना आया है। दरअसल, यहां अफ्रीकी मूल के ब्रिटिश युवक ने घुसकर नॉनवेज यानि चिकन का सेवन किया है। इस हरकत से दुनियाभर के हिंदू नाराज हैं।

मामला

शर्मनाक हरकत का वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसपर गुस्सा जता रहे हैं। वीडियो में युवक गोविंद रेस्टोरेंट के अंदर प्रवेश करता है और सीधा काउंटर की तरफ बढ़ता है। वह काउंटर पर खड़ी 2 महिलाओं से पूछता है, "क्या यह एक वीगन रेस्टोरेंट है?" इसपर महिलाएं जवाब देती हैं, "हां, यहां मांस, प्याज और लहसुन नहीं मिलता है।" युवक का दुस्साहस इतना होता है कि वह इस बात को सुनकर हस्ता भी है।

वीडियो

युवक साथ लेकर गया था KFC का नॉनवेज खाना

महिला के जवाब देने के बाद भी बेशर्म युवक दोबारा पूछता है, "क्या आपको यकीन है कि यहां मांस नहीं मिलता है?" एक बार फिर कर्मचारी न में जवाब देते हैं और कहते हैं कि यह एक मंदिर है। हालांकि, वह निर्लज्ज युवक अपने हाथों में मौजूद थैली से KFC का डिब्बा निकालता है और चिकन खाना शुरू कर देता है। इस हरकत ने न केवल लोगों को गुस्सा दिलाया है, बल्कि उनकी धार्मिक भावनाओं को भी ठेंस पहुंचाई है।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

खाना

कर्मचारियों को भी चिकन खाने के लिए कह रहा था युवक

यह युवक अपने हाथों में चिकन उठाता है और उसका डिब्बा रेस्टोरेंट के काउंटर पर रख देता है। हद तो तब हुई जब उसने वहां मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को भी चिकन खाने के लिए कहा। नाराज हो कर महिला कर्मचारी ने युवक को बाहर निकलने के लिए कहा। हालांकि, वह बिना किसी शर्म के मुर्गा खाता रहा और लोगों को भी पूछता रहा। उसकी हरकतों से लग रहा था कि वह लोगों को उकसाना चाह रहा था।

रोकना

युवक ने लगाया 'फ्री द चिकन' का नारा

कर्मचारियों के बार-बार मना करने और बाहर जाने के लिए कहने पर भी युवक बाज नहीं आया और अपनी हरकत जारी रखी। परेशान हो कर एक कर्मचारी अन्य कर्मचारियों को इखट्टा करने के लिए बाहर जाता है। इसी बीच एक महिला ग्राहक उसे रोकने के लिए आगे आती हैं। वह कहती हैं, "आप किसी की धार्मिक परंपराओं का उल्लंघन कर रहे हैं। यह सही नहीं है।" इस पर बेशर्म युवक जोर से चिल्लाता है, "फ्री द चिकन।"

प्रतिक्रिया

लोग इसे बता रहे हिंदू धर्म के प्रति नफरत से प्रेरित हरकत

इस शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसे लगातार शेयर कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोग इसे नस्लवाद और हिंदू धर्म के प्रति नफरत से प्रेरित हरकत बता रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि यह युवक जानबूझकर हिंदू समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं का अपमान करना चाहता था। एक उपयोगकर्ता ने कहा, "लोगों को परेशान करने के सिवा उसने कुछ हासिल नहीं किया।"