जिसने जीवनभर भीख मांगकर किया गुजारा, मौत के बाद उसके घर बोरियों में भरे मिले पैसे
क्या है खबर?
क्या आपको मालूम है कि भीख मांगने वाले लोग लाखों-करोड़ों रुपये के मालिक भी हो सकते हैं? कर्नाटक में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां एक महिला ने अपनी पूरी जिंदगी भीख मांगकर गुजारी, लेकिन जब उसकी मौत के बाद स्थानीय लोगों ने उसके घर की तलाशी ली तो उन्हें वहां पर पैसे से भरी कई बोरियां मिलीं। आइए जानते हैं कि महिला के घर से कितने रुपये मिले हैं।
मौत
बुढ़ापे से जुड़ी बीमारी के कारण हुई हूर की मौत
यह मामला कर्नाटक के मांड्या की रहने वाली 68 साल की हूर से जुड़ा है, जिसके घर से 10, 20 और 50 रुपये के नोट से भरी 30 बोरियां मिली हैं, लेकिन अफसोस की बात ये है कि ये पैसे अब हूर के किसी काम के नहीं हैं क्योंकि वो इस दुनिया को अलविदा कह चुकी है।
बुढ़ापे से जुड़ी बीमारी के कारण हूर की मौत हो गई।
पैसे
हूर के घर से मिले 8 लाख से ज्यादा रुपये
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्थानीय लोग हूर के सामान को खंगालते हुए और पैसे गिनते हुए दिखाई दे रहे हैं।
गिनती के बाद कुल रकम 8,40,000 रुपये निकली। यह पैसा हूर के भाइयों को दे दिए गए। एक भाई ने 6 लाख रुपये लिए, जबकि दूसरे को 2,40,000 रुपये मिले, जिसे उसने बाद में एक मस्जिद में दान कर दिए।
रहना
अपनी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थी हूर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हूर अपनी बहन के साथ एक किराए के मकान में रहती थी और 2 साल पहले ही उसकी बहन की मौत हो गई थी। दोनों ही बहनों की शादी नहीं हुई थी।
हूर कब से भीख मांग रही थी, यह बात तो सामने नहीं आई है, लेकिन इसके जरिए ही वह कई सालों से अपना और अपनी बहन का ध्यान रख रही थी।
अन्य मामले
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
उत्तराखंड के रुड़की में लगभग 13 सालों से भीख मांग रही एक महिला को जब पुलिस ने पकड़ा तो उसके झोले से लाखों रुपये की नकदी और करीब 17 किलो सिक्के बरामद हुए थे।
इसके अतिरिक्त इंदौर का रहने वाला मांगीलाल नामक एक भिखारी तीन मंजिला मकान, कई जमीनों, तीन ऑटो रिक्शा और एक लग्जरी कार का मालिक है।