जेपी मॉर्गन का चांदी का सूप का कटोरा होगा नीलाम, 74 करोड़ में बिकने की उम्मीद
क्या है खबर?
जॉन पियरपॉन्ट मॉर्गन एक अमेरिकी फाइनेंसर और बैंकर थे, जिन्होंने 'गिल्डेड एज' के दौरान अहम भूमिका निभाई थी। अब उनकी एक सदियों पुरानी कीमती वस्तु की नीलामी होने वाली है। मॉर्गन का चांदी से बना एक विशाल सूप का कटोरा नीलामी के लिए उपलब्ध है। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि यह ऐतिहासिक कटोरा 74 करोड़ रुपये से ज्यादा की कीमत पर बिक सकता है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
नीलामी
कब और कहां होगी नीलामी?
इस कटोरे को 'मेसोनियर ट्यूरीन' नाम दिया गया है, जो 18वीं सदी में पेरिस में बनाया गया था। नीलामी 'क्रिस्टीज' नाम का नीलामीघर करवा रहा है, जो कि 1 दिसंबर, 2026 को होने वाली है।
इसकी नीलामी का आयोजन लंदन में होने वाला है। इसे अर्जेंटीना के धनी संग्रहकर्ताओं 'ब्लैक्वियर-एरीटा परिवार' के चांदी के संग्रह के हिस्से के रूप में बेचा जा रहा है।
जाहिर है कि फ्रांस और इंग्लैंड के कला और इतिहास प्रेमियों की इस पर नजर रहेगी।
कटोरा
क्या है कटोरे की खासियत?
इस नायाब चांदी के कटोरे को 1730 में फ्रांसीसी कलाकार और सुनार जस्ट-ऑरेल मेसोनियर ने बनाया था। यह 46 सेंटीमीटर से ज्यादा लंबा है और इसका वजन 20 किलोग्राम है।
इसे एक शंख के आकार में तैयार किया गया है और इस पर पौधों और जानवरों की बेहतरीन नक्काशी की गई है। कटोरे पर एक बत्तख, केकड़ा, मछली, सीप और घोंघा बनाए गए हैं।
इसके अलावा इसके ऊपर आर्टीचोक जैसी पत्तेदार सब्जियां भी बनाई गई हैं।
जोड़ी
जोड़ी में बनाया गया था यह कटोरा
ब्लैक्वियर-एरीटा परिवार ने बताया कि यह सूप का कटोरा मॉर्गन का है। उनके मुताबिक, यह कटोरा एक जोड़ी का हिस्सा है, जिसे 1977 में एक साथ नीलाम किया गया था।
हालांकि, इसके बाद दोनों किस्से अलग कर दिए गए थे। इसके दूसरे भाग को ऑहियो स्थित क्लीवलैंड के कला संग्रहालय में रखा गया है।
क्रिस्टीज की विशेषज्ञ इसाबेल कार्टियर-स्टोन ने बताया है कि मॉर्गन के कटोरे को हैरान करने के लिए डिजाइन किया गया था।